पर्यावरण

पर्यावरण: एक दिन की चिंता नहीं, हर दिन की ज़िम्मेदारी

आजकल सोशल मीडिया पर एक आम दृश्य देखने को मिलता है — लोग पौधे लगाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, और फिर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं। एक पौधा लगाकर फोटो डालना तो याद रहता है, लेकिन उस पौधे को रोज़ पानी देना, उसकी देखभाल करना अक्सर भुला दिया जाता है।

नतीजा यह होता है कि बिना पानी और देखरेख के वह पौधा कुछ ही दिनों में सूख जाता है। क्या केवल दिखावे के लिए एक नन्हे जीवन को खत्म कर देना सही है? गर्मी के मौसम में जब खुद इंसान भी ठीक से पानी नहीं पी पा रहा, तब पौधों को कैसे जीवित रखा जाएगा?

पेड़-पौधे लगाने का सबसे उचित समय मानसून होता है, जब मिट्टी में नमी रहती है और पौधे प्राकृतिक रूप से बढ़ने लगते हैं। लेकिन अफ़सोस, आज पर्यावरण संरक्षण भी एक “सेल्फी अभियान” बन कर रह गया है।असल में, पर्यावरण की रक्षा सिर्फ़ एक दिन की रस्म नहीं होनी चाहिए। हर दिन, हर व्यक्ति की यह ज़िम्मेदारी है कि वह प्रकृति के साथ अपने रिश्ते को निभाए।

पौधे लगाना अच्छी शुरुआत है, लेकिन उन्हें जीवित रखना, बढ़ते देखना और उनका हिस्सा बन जाना ही सच्चा संरक्षण है। पर्यावरण की रक्षा पोस्टर बनाने, भाषण देने या सोशल मीडिया पर ‘ग्रीन फिल्टर’ लगाने से नहीं होगी, बल्कि उसे जीने से होगी।

हमारे छोटे-छोटे प्रयास जैसे पानी की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग, सार्वजनिक परिवहन अपनाना, और बिजली के अपव्यय से बचना — ये ही असली बदलाव की शुरुआत हैं। पर्यावरण कोई एक दिन की मुहिम नहीं, यह तो हर दिन की ज़िम्मेदारी है, जो हमें और आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित भविष्य देने में सहायक होगी।

याद रखें, हर पौधा एक जीवन है। उसे केवल लगाना नहीं, जीने देना भी हमारा कर्तव्य है। और पर्यावरण को बचाने के लिए सिर्फ़ “पर्यावरण दिवस” मनाना काफी नहीं — हमें पर्यावरण को अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बनाना होगा।

गरिमा भाटी “गौरी”
सहायक आचार्या, रावल कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन,
फ़रीदाबाद, हरियाणा।

यह भी पढ़ें :-

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *