संजीव सलिल की कविताएं

संजीव सलिल की कविताएं | Sanjeev Salil Poetry

विषय सूची

सेमल

अनुभूति की मिट्टी में
विचारों के बीज
संवेदना का पानी पीकर
फूले न समाए।
फट गया कठोरता का
कृत्रिम आवरण,
सृजन के अंकुर
पैर जमाकर मुस्काए।
संकल्प की जड़ें
जमीं में जमीँ,
प्रयास के पल्लव हरियाए।
गगन चूमने को आतुर
तना तना और
शाखाओं ने हाथ फैलाए।
सूर्य की तपिश झेली
पवन संग करी अठखेली
चाँदनी संग आँख मिचौली
चाँद संग खिलखिलाए।
कभी सब्जी बन मिटाई क्षुधा
कभी चर्म रोग मिटाए
घटाकर बढ़ती उम्र के प्रभाव
रक्त शोधन के काम आए।
लोक कल्याण के लिए
किया आत्म बलिदान
रहकर मौन और बेदाम
इसलिए कुदरत ने सिर पर
लाल फूलों के मुकुट सजाए।
रेशमी कपास का देकर उपहार
बीजों से भरकर पशुओं का पेट
काष्ठ से बनाकर नाव और वाद्य यंत्र
हम पर्णपाती शाल्मली उर्फ़ सेमल
मरकर भी जी पाए,
जिंदगी के तराने गुंजाए।

सॉनेट


कल कब आया, किसने देखा
किसने लेखा कहाँ गया कल?
कल कल कर मन बेकल खो कल
खींची-लाँघी लछमन रेखा।
भोग लिए कहते प्रभु! ले खा
खा जाते खुद किया न क्या छल?
कहो बने कब निर्बल के बल?
कब परमात्म हो सका मेखा?

बना रहे कल, अकल लगाकर
हैं बेअकल न क्षमा मिलेगी
सेवक आज, बने कल स्वामी।
नहीं तुष्ट हम शील गँवाकर
स्वार्थ वृत्ति क्या कभी कमेगी?
मानव सस्ता, है कल दामी।

शत शत वंदन मातु शारदे!

शत शत वंदन मातु शारदे!
भव बाधा हर नव विचार दे।।
.
जो जैसे तेरी संतति हैं
रूठ न मैया! हँस दुलार दे।।
.
नाद अनाहद सुनवा दे माँ!
काम-क्रोध-मद से उबार दे।।
.
मोह पंक में पड़े हुए हैं
पंकज कर नूतन निखार दे।।
.
हुईं अनगिनत त्रुटियाँ हमसे
अनुकंपा कर झट बिसार दे।।
.
सलिल करे अभिषेक निरंतर
माता! कर आचमन तार दे।।
.
पद प्रक्षालन कर पाऊँ नित
तम हरकर जीवन सँवार दे।।

ओ सिंदूर मिटानेवाले! (गीत )

.
ओ सिंदूर मिटानेवाले!
ओ संहार करानेवाले!!
महाकाल का सह प्रहार अब
ओ निज नाश करानेवाले!!
.
दुर्गा ने काली स्वरूप ले अब तुझको ललकारा है।
बचा न सकता कोई तुझे हर भारतीय अंगारा है।।
खोल तीसरा नेत्र कुपित शिव शंकर तुझको देख रहे-
भस्म किए आतंक-ठिकाने,
अब यम को तू प्यारा है।।
ओ आतंक पालनेवाले!
ओ विश्वास तोड़नेवाले!!
अपने अंतिम दिन गिन ले अब
ओ निर्दोष मारनेवाले!!
.
जो होते हैं देव लात के, बात नहीं माना करते हैं।
शेरों से टकराकर गीदड़, आत्मघात ठाना करते हैं।।
मरवाते निज सैनिक-जनता, नायक हो निज देश मिटाते-
अपने आप मियाँ मिट्ठू बन, कफनों को बाना करते हैं।।
ओ कब्रें बनवानेवाले!
अमन-चैन मिटवानेवाले!!
है वजूद खतरे में तेरा
ओ स्यापा करवानेवाले!!
.
भैरव और भैरवी करने भोज आ रहे तेरे द्वारे।
चौंसठ योगिनियाँ खप्पर ले रक्त चखेंगी ले चटखारे।।
महाकाल की दाढ़ चबाएगी अब तेरे हाड़-मांस को-
रूहें कलपेंगी जब अल्ला’ लानत दे कोड़े फटकारे।।
ओ दुर्गति करवानेवाले!
ओ शामत बुलवानेवाले!!
चरण शरण गह मिल भारत में
पाकिस्तान कहानेवाले।।

ओ सिंदूर मिटानेवाले

ओ सिंदूर मिटानेवाले!
ओ संहार करानेवाले!!
महाकाल का सह प्रहार अब
ओ निज नाश करानेवाले!!
.
दुर्गा ने काली स्वरूप ले अब तुझको ललकारा है।
बचा न सकता कोई तुझे हर भारतीय अंगारा है।।
खोल तीसरा नेत्र कुपित शिव शंकर तुझको देख रहे-
भस्म किए आतंक-ठिकाने,
अब यम को तू प्यारा है।।
ओ आतंक पालनेवाले!
ओ विश्वास तोड़नेवाले!!
अपने अंतिम दिन गिन ले अब
ओ निर्दोष मारनेवाले!!
.
जो होते हैं देव लात के, बात नहीं माना करते हैं।
शेरों से टकराकर गीदड़, आत्मघात ठाना करते हैं।।
मरवाते निज सैनिक-जनता, नायक हो निज देश मिटाते-
अपने आप मियाँ मिट्ठू बन, कफनों को बाना करते हैं।।
ओ कब्रें बनवानेवाले!
अमन-चैन मिटवानेवाले!!
है वजूद खतरे में तेरा
ओ स्यापा करवानेवाले!!
.
भैरव और भैरवी करने भोज आ रहे तेरे द्वारे।
चौंसठ योगिनियाँ खप्पर ले रक्त चखेंगी ले चटखारे।।
महाकाल की दाढ़ चबाएगी अब तेरे हाड़-मांस को-
रूहें कलपेंगी जब अल्ला’ लानत दे कोड़े फटकारे।।
ओ दुर्गति करवानेवाले!
ओ शामत बुलवानेवाले!!
चरण शरण गह मिल भारत में
पाकिस्तान कहानेवाले।।

आरोही के सौ सपने ( बाल गीत )

आरोही के सौ सपने
सबके सब उसके अपने
.
दादी लाड़ लड़ाती हैं
सीखें कई सिखाती हैं
.
नाना-नानी प्यार करें
मामा खूब दुलार करें
.
पापा कहते खूब पढ़ो
सबसे आगे रहो, बढ़ो
.
मम्मी से सीखे वह काम
दुनिया में पाएगी नाम
.
चाचू के संग खेले खेल”
सबसे रखती अपना मेल
.
चाची ने सिखलाए गीत
सुना सके सबका मन जीत
.
भैया-दीदी संग घूमे
छुटकू संग नाचे-झूमे
.
आरोही स्टार बने
आसमान पर जा चमके

माँ शारद! अँगुली पकड़, ( पूर्णिका )


माँ शारद! अँगुली पकड़,
मोह नहीं पाए जकड़
अहंकार कर नष्ट दे
धूल धूसरित हो अकड़
कर अक्षर-आराधना
समझदार हो रह न जड़
मन मथ मन्मथ को सकूँ
जीत दंभ जाए सिकुड़
मातु! जीव संजीव हो
बने न गति जाए बिगड़
१९.४.२०२५
०००पूर्णिका

माँ शारद! अँगुली पकड़,
मोह नहीं पाए जकड़
अहंकार कर नष्ट दे
धूल धूसरित हो अकड़
कर अक्षर-आराधना
समझदार हो रह न जड़
मन मथ मन्मथ को सकूँ
जीत दंभ जाए सिकुड़
मातु! जीव संजीव हो
बने न गति जाए बिगड़
१९.४.२०२५

उर आसन पर बैठ शारदे!

अमल विमल निर्मल मति कर दे।ज्ञ
मैया! अचल भक्ति का वर दे।।

ठोकर खा गिर उठ बढ़ पाऊँ।
गीतों में नव कलरव भर दे।।

पर उपकार कर सकूँ मैया!
सुर सलिला अवगाहूँ वर दे।।

श्वास श्वास तव नाम पुकारे।
रास-लास युत हास अमर दे।।

नयन मूँद तव दर्शन पाऊँ।
आस हाथ माँ!सिर पर धर दे।।

हनुमान भजन

सुमिरौं तुम खों हनुमंत प्रभु!, मोरी नैया पार लगा दइयो
निर्बल हौं गरीब हौं, दीन हौं मैं, मोय बाँह पकर खेँ उठा लइयो

अपना नें सगा कोउ दुनिया में, मतलब खेँ यार हजार इतै
मुस्किल में सँग नें छाँव रहे, संगी सच्चों मैं पाऊँ कितै
हे दीनबंधु! मुझ पामर खों, किरपा करखें अपना लइयो
सुमिरौं तुम खों हनुमंत प्रभु!, मोरी नैया पार लगा दइयो

बलहीन हौं मैं बलवान हो तुम, मतिमंद हौं मैं मतिमान हो तुम
गुनहीन हौं मैं गुनवान हो तुम, इंसान हौं मैं भगवान हो तुम
हे दयासिंधु! किरपा करियो, सिया-राम खेँ ढिंगे लिबा चलियो
सुमिरौं तुम खों हनुमंत प्रभु!, मोरी नैया पार लगा दइयो

मधुमालती ( पूर्णिका )


हँसती है मधुमालती
फँसती है मधुमालती
.
साथ जमाना दे न दे
चढ़ती है मधुमालती
.
देख-रेख बिन मुरझकर
बढ़ती है मधुमालती
.
साथ जमाना दे न दे
चढ़ती है मधुमालती
.
लाज-क्रोध बिन लाल हो
सजती है मधुमालती
.
नहीं धूप में श्वेत लट
कहती है मधुमालती
.
हरी-भरी सुख-शांति से
रहती है मधुमालती
.
लव जिहाद चाहे फँसे
बचती है मधुमालती
.
सत्नारायण कथा सी
बँचती है मधुमालती
.
हर कंटक के हृदय में
चुभती है मधुमालती
.
बस में है, परबस नहीं
लड़ती है मधुमालती
.
खाली हाथ, न जोड़ कुछ
रखती है मधुमालती
.
नहीं गैर की गाय को
दुहती है मधुमालती
.
परंपराएँ सनातन
गहती है मधुमालती
.
मृगतृष्णा से दूर, हरि
भजती है मधुमालती
.
व्यर्थ न थोथे चने सी
बजती है मधुमालती
.
दावतनामा भ्रमर का
तजती है मधुमालती
.
पवन संग अठखेलियाँ
करती है मधुमालती
.
नहीं और पर हो फिदा
मरती है मधुमालती
.
अपने सपने ठग न लें
डरती है मधुमालती
.
रिश्वत लेकर घर नहीं
भरती है मधुमालती
.
बाग न गैरों का कभी
चरती है मधुमालती
.
सूनापन उद्यान का
हरती है मधु मालती
.
बिना सिया-सत सियासत
करती है मधु मालती
.
नेह नर्मदा सलिल सम
बहती है मधुमालती

श्री राम रक्षा स्तोत्र दोहानुवाद

विनियोग

श्री गणेश-विघ्नेश्वर, रिद्धि-सिद्धि के नाथ ।
चित्र गुप्त लख चित्त में, नमन करुँ नत माथ।।
ऋषि बुधकौशिक रचित यह, रामरक्षास्तोत्र।
दोहा रच गाये सलिल, कायथ कश्यप गोत्र।।
कीलक हनुमत, शक्ति सिय, देव सिया-श्री राम।
जाप और विनियोग यह, स्वीकारें अभिराम।।

ध्यान

दीर्घबाहु पद्मासनी, हों धनु-धारि प्रसन्न।
कमलाक्षी पीताम्बरी, है यह भक्त प्रपन्न।।
नलिननयन वामा सिया, अद्भुत रूप-सिंगार।
जटाधरी नीलाभ प्रभु, ध्याऊँ हो बलिहार।।

श्री रघुनाथ-चरित्र का, कोटि-कोटि विस्तार।
एक-एक अक्षर हरे, पातक- हो उद्धार।१।

नीलाम्बुज सम श्याम छवि, पुलिनचक्षु का ध्यान।
करुँ जानकी-लखन सह, जटाधारी का गान।२।

खड्ग बाण तूणीर धनु, ले दानव संहार।
करने भू-प्रगटे प्रभु, निज लीला विस्तार।३।

स्तोत्र-पाठ ले पाप हर, करे कामना पूर्ण।
राघव-दशरथसुत रखें, शीश-भाल सम्पूर्ण।४।

कौशल्या-सुत नयन रखें, विश्वामित्र-प्रिय कान।
मख-रक्षक नासा लखें, आनन् लखन-निधान।५।

विद्या-निधि रक्षे जिव्हा, कंठ भरत-अग्रज।
स्कंध रखें दिव्यायुधी, शिव-धनु-भंजक भुज।६।

कर रक्षे सीतेश-प्रभु, परशुराम-जयी उर।
जामवंत-पति नाभि को, खर-विध्वंसी उदर।७।

अस्थि-संधि हनुमत प्रभु, कटि- सुग्रीव-सुनाथ।
दनुजान्तक रक्षे उरू, राघव करुणा-नाथ।८।

दशमुख-हन्ता जांघ को, घुटना पुल-रचनेश।
विभीषण-श्री-दाता पद, तन रक्षे अवधेश।९।

राम-भक्ति संपन्न यह, स्तोत्र पढ़े जो नित्य।
आयु, पुत्र, सुख, जय, विनय, पाए खुशी अनित्य।१०।

वसुधा नभ पाताल में, विचरें छलिया मूर्त।
राम-नाम-बलवान को, छल न सकें वे धूर्त।११।

रामचंद्र, रामभद्र, राम-राम जप राम।
पाप-मुक्त हो, भोग सुख, गहे मुक्ति-प्रभु-धाम।१२।

रामनाम रक्षित कवच, विजय-प्रदाता यंत्र।
सर्व सिद्धियाँ हाथ में, है मुखाग्र यदि मन्त्र।१३।

पविपंजर पवन कवच, जो कर लेता याद।
आज्ञा उसकी हो अटल, शुभ-जय मिले प्रसाद।१४।

शिवादेश पा स्वप्न में, रच राम-रक्षा स्तोत्र।
बुधकौशिक ऋषि ने रचा, बालारुण को न्योत।१५।

कल्प वृक्ष, श्री राम हैं, विपद-विनाशक राम।
सुन्दरतम त्रैलोक्य में, कृपासिंधु बलधाम।१६।

रूपवान, सुकुमार, युव, महाबली सीतेंद्र।
मृगछाला धारण किये, जलजनयन सलिलेंद्र।१७।

राम-लखन, दशरथ-तनय, भ्राता बल-आगार।
शाकाहारी, तपस्वी, ब्रम्हचर्य-श्रृंगार।१८।

सकल श्रृष्टि को दें शरण, श्रेष्ठ धनुर्धर राम।
उत्तम रघु रक्षा करें, दैत्यान्तक श्री राम।१९।

धनुष-बाण सोहे सदा, अक्षय शर-तूणीर।
मार्ग दिखा रक्षा करें, रामानुज-रघुवीर।२०।

राम-लक्ष्मण हों सदय, करें मनोरथ पूर्ण।
खड्ग, कवच, शर,, चाप लें, अरि-दल के दें चूर्ण।२१।

रामानुज-अनुचर बली, राम दाशरथ वीर।
काकुत्स्थ कोसल-कुँवर, उत्तम रघु, मतिधीर।२२।

सीता-वल्लभ श्रीवान, पुरुषोतम, सर्वेश।
अतुलनीय पराक्रमी, वेद-वैद्य यज्ञेश।२३।

प्रभु-नामों का जप करे, नित श्रद्धा के साथ।
अश्वमेघ मख-फल मिले, उसको दोनों हाथ।२४।

पद्मनयन, पीताम्बरी, दूर्वा-दलवत श्याम।
नाम सुमिर ले ‘सलिल’ नित, हो भव-पार सुधाम।२५।

गुणसागर, सौमित्राग्रज, भूसुतेश श्रीराम।
दयासिन्धु काकुत्स्थ हैं, भूसुर-प्रिय निष्काम।२६क।

अवधराज-सुत, शांति-प्रिय, सत्य-सिन्धु बल-धाम।
दशमुख-रिपु, रघुकुल-तिलक, जनप्रिय राघव राम।२६ख।

रामचंद्र, रामभद्र, रम्य रमापति राम।
रघुवंशज कैकेई-सुत, सिय-प्रिय अगिन प्रणाम।२७।

रघुकुलनंदन राम प्रभु, भरताग्रज श्री राम।
समर-जयी, रण-दक्ष दें, चरण-शरण श्री धाम।२८।

मन कर प्रभु-पद स्मरण, वाचा ले प्रभु-नाम।
शीश विनत पद-पद्म में, चरण-शरण दें राम।२९।

मात-पिता श्री राम हैं, सखा-सुस्वामी राम।
रामचंद्र सर्वस्व मम, अन्य न जानूं नाम।३०।

लखन सुशोभित दाहिने, जनकनंदिनी वाम।
सम्मुख हनुमत पवनसुत, शतवंदन श्री राम।३१।

जन-मन-प्रिय, रघुवीर प्रभु, रघुकुलनायक राम।
नयनाम्बुज करुणा-समुद, करुनाकर श्री राम।३२।

मन सम चंचल पवनवत, वेगवान-गतिमान।
इन्द्रियजित कपिश्रेष्ठ दें, चरण-शरण हनुमान।३३।

काव्य-शास्त्र आसीन हो, कूज रहे प्रभु-नाम।
वाल्मीकि-पिक शत नमन, जपें प्राण-मन राम।३४।

हरते हर आपद-विपद, दें सम्पति, सुख-धाम।
जन-मन-रंजक राम प्रभु, हे अभिराम प्रणाम।३५।

“राम-नाम-जप गर्जना, दे सुख-सम्पति मीत।
हों विनष्ट भव-बीज सब, कालदूत भयभीत।३६।

दैत्य-विनाशक, राजमणि, वंदन राम रमेश।
जयदाता शत्रुघ्नप्रिय, करिए जयी हमेश।३७ क।

श्रेष्ठ न आश्रय राम से, ‘सलिल’ राम का दास।
राम-चरण-मन मग्न हो, भव-तारण की आस।३७ख।

विष्णुसहस्त्रनाम सम, पावन है प्रभु-नाम।
रमे राम के नाम में, सलिल-साधना राम।३८।

मुनि बुधकौशिक ने रचा, श्री रामरक्षास्तोत्र।
‘शांति-राज’-हित यंत्र है, भाव-भक्तिमय ज्योत।३९।

आशा होती पूर्ण हर, प्रभु हों सत्य सहाय।
तुहिन श्वास हो नर्मदा, मन्वंतर गुण गाय।४०।

राम-कथा मंदाकिनी, रामकृपा राजीव।
राम-नाम जप दे दरश, राघव करुणासींव।४१।


शारद मैया

नव दिन धर नव रूप कृपा कर दर्शन देना शारद मैया!
आठों सिद्धि नवों निधि लाना लें प्रणाम हे लछमी मैया!
आतप वर्षा शीत सताएँ, शूल दंश दे हमें सताएँ
वरद हस्त सिर पर रख दुर्गे! हमको देना अपनी छैंया
नव गृह दशा न कभी सताए, हर कोशिश निज मंजिल पाए
थकें-गिरें कभी अगर पराजित हों लेना माँ रेवा! कैंया
भवसागर से मातु! तारना, कभी न हमको पड़े हारना
हर निर्बल का संबल बनना, भारत माता थामो बैंया
स्वार्थ सधे के रिश्ते-नाते,
काम पड़े तो धता बताते
वसुधा माता अंतिम आशा, कोई अन्य आसरा नैंया

अर्गला स्तोत्र

( हिंदी काव्यानुवाद )


।।ॐ।।
यह अर्गला स्तोत्र है।।
। ॐ अर्गला स्तोत्र मंत्र यह, विष्णु ऋषि ने रच गाया।
। छंद अनुष्टुप, महालक्ष्मी देव अंबिका-मन भाया ।
। सप्तशती के अनुष्ठान में, भक्त पाठ-विनियोग करें।
।ॐ चण्डिका मातु नमन शत, मारकंडे’ नित जाप करें।
*
।ॐ जयंती मंगलाकाली, शांत कालिका कपालिनी।
। दुर्गा क्षमा शिवा धात्री माँ, सुधा-स्वः-स्वाहा पालागी।१।
*
। जय-जय-जय देवी चामुंडा, दु:खहर्ता हर प्राणी की।
। व्याप्त सभी में रहनेवाली, कालयात्री जय पालागी।२।
*
। मधु-कैटभ वध कर ब्रम्हा को, वर देने वाली मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोह-विजय दो, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।३।
*
। महिषासुर-वधकर्ता माता, भक्तों को सुख दो मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।४।
*
। रक्तबीज संहारकारिणी, चण्ड-मुण्डहंता मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।५।
*
। शुम्भ-निशुम्भ-धूम्रलोचन वध करनेवाली हे मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।६।
*
। युग-युग सबके द्वारा वन्दित, हे सब सुखदायिनी मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।७।
*
। रूप-चरित चिंतन से ज्यादा, सर्व शत्रुनाशक मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।८।
*
। चरणकमल में नत मस्तक जो, पाप हरो उनके मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।९।
*
। भक्तिपूर्वक जो पूजें, उनकी हर व्याधि हरो मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१०।
*
। भक्तिपूर्वक तुम्हें पूजते जो उनको अंबे मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।११।
*
। दो सौभाग्य परमसुख जननी!, दो आरोग्य मुझे मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१२।
*
। द्वेष रखें जो उन्हें मिटाकर, मेरी शक्ति बढ़ा मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१३।
*
। देवी माँ! कल्याण करो दे संपति-सुख-वैभव मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१४।
*
। शीश मुकुटमणि पग-तल घिसते, देव दनुज दोनों मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१५।
*
। ज्ञान-कीर्ति, धन-धान्य, लक्ष्मी, भक्तजनों को दो मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१६।
*
। दुर्दान्ती दनुजों का दर्प मिटानेवाली हे मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१७।
*
। चतुर्भुजी विधि-वंदित हो, हे चौकर परमेश्वरी मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१८।
*
। कृष्णवर्ण हरि स्तुति करते, सदा तुम्हारी ही मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।१९।
*
। हिमगिरि-तनया-पति शिव वंदित, हो तुम परमेश्वरी मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।२०।
*
। इंद्राणी-पति सद्भावित हो, तुम्हें पूजते नित मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।२१।
*
। अति प्रचण्ड दैत्यों को दण्डित, कर-कर दर्प-हरण मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।२२।
*
। सदा-सदा आनंद असीमित, निज भक्तों को दे मैया!।
। शत्रु-नाश कर मोहजयी कर, आत्म ज्ञान यश दो मैया!।२३।
*
। मन मोहे मन-माफ़िक जो, वह पत्नि प्रदान करो मैया!।
। श्रेष्ठ-कुला, संसार-समुद दुर्गम से, जो तारे मैया!।२४।
*
। करे अर्गला-स्तोत्र पाठ जो, सप्तशती संग-पढ़ मैया!।
। जप-संख्या अनुसार श्रेष्ठ फल, सुख-सम्पति पाता मैया!।२५।
*
। इति देवी का अर्गला स्तोत्र पूर्ण हुआ।

दोहा सलिला

.
दश रथ हैं दस इंद्रियाँ, दस दिश नापें घूम।
नौ दु्र्गा नौ शक्तियाँ, सकें सफलता चूम।।
.
अष्ट भुजा सामर्थ्य की, परिचायक बलवान।
सप्त स्वरों से सृजित हों, सरगम-स्वर रस-खान ।।
.
षड् रागों को सीखना, खटरागी है काम।
पंच तत्व मय देह से, करें काम निष्काम।।
.
वर्णाश्रम पुरुषार्थ युग, चार मिटा अविचार।
तीन काल संघर्ष कर, जयी करें सुविचार।।
.
तन-मन नर-नारी सतत, रहें द्वैत से दूर।
दो होकर भी एक हों, अगर नहीं तो सूर।।
.
एक प्रगट हो शून्य से, चित्र गुप्त पहचान।
लीन शून्य में सृष्टि हो, एक वही गुणवान।।

सप्तश्लोकी दुर्गा


नवरात्रि और सप्तश्लोकी दुर्गा स्तोत्र हिंदी काव्यानुवाद सहित)
*
नवरात्रि पर्व में मां दुर्गा की आराधना हेतु नौ दिनों तक व्रत किया जाता है। रात्रि में गरबा व डांडिया रास कर शक्ति की उपासना तथा विशेष कामनापूर्ति हेतु दुर्गा सप्तशती, चंडी तथा सप्तश्लोकी दुर्गा पाठ किया जाता है। दुर्गा सप्तशती तथा चंडी पाठ जटिल तथा प्रचण्ड शक्ति के आवाहन हेतु है। इसके अनुष्ठान में अत्यंत सावधानी आवश्यक है, अन्यथा क्षति संभावित हैं। दुर्गा सप्तशती या चंडी पाठ करने में अक्षम भक्तों हेतु प्रतिदिन दुर्गा-चालीसा अथवा सप्तश्लोकी दुर्गा के पाठ का विधान है जिसमें सामान्य शुद्धि और पूजन विधि ही पर्याप्त है। त्रिकाल संध्या अथवा दैनिक पूजा के साथ भी इसका पाठ किया जा सकता है जिससे दुर्गा सप्तशती,चंडी-पाठ अथवा दुर्गा-चालीसा पाठ के समान पूण्य मिलता है।
कुमारी पूजन
नवरात्रि व्रत का समापन कुमारी पूजन से किया जाता है। नवरात्रि के अंतिम दिन दस वर्ष से कम उम्र की ९ कन्याओं को माँ दुर्गा के नौ रूप (दो वर्ष की कुमारी, तीन वर्ष की त्रिमूर्तिनी चार वर्ष की कल्याणी, पाँच वर्ष की रोहिणी, छः वर्ष की काली, सात वर्ष की चण्डिका, आठ वर्ष की शाम्भवी, नौ वर्ष की दुर्गा, दस वर्ष की सुभद्रा) मान पूजन कर मिष्ठान्न, भोजन के पश्चात् व दान-दक्षिणा भेंट करें।
सप्तश्लोकी दुर्गा

निराकार ने चित्र गुप्त को, परा प्रकृति रच व्यक्त किया।
महाशक्ति निज आत्म रूप दे, जड़-चेतन संयुक्त किया।।
नाद शारदा, वृद्धि लक्ष्मी, रक्षा-नाश उमा-नव रूप-
विधि-हरि-हर हो सके पूर्ण तब, जग-जीवन जीवन्त किया।।
*
जनक-जननि की कर परिक्रमा, हुए अग्र-पूजित विघ्नेश।
आदि शक्ति हों सदय तनिक तो, बाधा-संकट रहें न लेश ।।
सात श्लोक दुर्गा-रहस्य को बतलाते, सब जन लें जान-
क्या करती हैं मातु भवानी, हों कृपालु किस तरह विशेष?
*
शिव उवाच-
देवि त्वं भक्तसुलभे सर्वकार्यविधायिनी।
कलौ हि कार्यसिद्धयर्थमुपायं ब्रूहि यत्नतः॥
शिव बोले: ‘सब कार्यनियंता, देवी! भक्त-सुलभ हैं आप।
कलियुग में हों कार्य सिद्ध कैसे?, उपाय कुछ कहिये आप।।’
*
देव्युवाच-
श्रृणु देव प्रवक्ष्यामि कलौ सर्वेष्टसाधनम्‌।
मया तवैव स्नेहेनाप्यम्बास्तुतिः प्रकाश्यते॥
देवी बोलीं: ‘सुनो देव! कहती हूँ इष्ट सधें कलि-कैसे?
अम्बा-स्तुति बतलाती हूँ, पाकर स्नेह तुम्हारा हृद से।।’
*
विनियोग-
ॐ अस्य श्रीदुर्गासप्तश्लोकीस्तोत्रमन्त्रस्य नारायण ऋषिः
अनुष्टप्‌ छन्दः, श्रीमहाकालीमहालक्ष्मीमहासरस्वत्यो देवताः
श्रीदुर्गाप्रीत्यर्थं सप्तश्लोकीदुर्गापाठे विनियोगः।
ॐ रचे दुर्गासतश्लोकी स्तोत्र मंत्र नारायण ऋषि ने
छंद अनुष्टुप महा कालिका-रमा-शारदा की स्तुति में
श्री दुर्गा की प्रीति हेतु सतश्लोकी दुर्गापाठ नियोजित।।
*
ॐ ज्ञानिनामपि चेतांसि देवी भगवती हि सा।
बलादाकृष्य मोहाय महामाया प्रयच्छति॥१॥
ॐ ज्ञानियों के चित को देवी भगवती मोह लेतीं जब।
बल से कर आकृष्ट महामाया भरमा देती हैं मति तब।१।
*
दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेषजन्तोः
स्वस्थैः स्मृता मतिमतीव शुभां ददासि।
दारिद्र्‌यदुःखभयहारिणि का त्वदन्या
सर्वोपकारकरणाय सदार्द्रचित्ता॥२॥
माँ दुर्गा का नाम-जाप भयभीत जनों का भय हरता है,
स्वस्थ्य चित्त वाले सज्जन, शुभ मति पाते, जीवन खिलता है।
दुःख-दरिद्रता-भय हरने की माँ जैसी क्षमता किसमें है?
सबका मंगल करती हैं माँ, चित्त आर्द्र पल-पल रहता है।२।
*
सर्वमंगलमंगल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके।
शरण्ये त्र्यम्बके गौरि नारायणि नमोऽस्तुते॥३॥
मंगल का भी मंगल करतीं, शिवा! सर्व हित साध भक्त का।
रहें त्रिनेत्री शिव सँग गौरी, नारायणी नमन तुमको माँ।३।
*
शरणागतदीनार्तपरित्राणपरायणे।
सर्वस्यार्तिहरे देवि नारायणि नमोऽस्तुते॥४॥
शरण गहें जो आर्त-दीन जन, उनको तारें हर संकट हर।
सब बाधा-पीड़ा हरती हैं, नारायणी नमन तुमको माँ ।४।
*
सर्वस्वरूपे सर्वेशे सर्वशक्तिसमन्विते।
भयेभ्यस्त्राहि नो देवि दुर्गे देवि नमोऽस्तुते॥५॥
सब रूपों की, सब ईशों की, शक्ति समन्वित तुममें सारी।
देवी! भय न रहे अस्त्रों का, दुर्गा देवी तुम्हें नमन माँ! ।५।
*
रोगानशोषानपहंसि तुष्टा
रूष्टा तु कामान्‌ सकलानभीष्टान्‌।
त्वामाश्रितानां न विपन्नराणां
त्वामाश्रिता ह्माश्रयतां प्रयान्ति॥६॥
शेष न रहते रोग तुष्ट यदि, रुष्ट अगर सब काम बिगड़ते।
रहे विपन्न न कभी आश्रित, आश्रित सबसे आश्रय पाते।६।
*
सर्वाबाधाप्रशमनं त्रैलोक्यस्याखिलेश्र्वरि।
एवमेव त्वया कार्यमस्यद्वैरिविनाशनम्‌॥७॥
माँ त्रिलोकस्वामिनी! हर कर, हर भव-बाधा।
कार्य सिद्ध कर, नाश बैरियों का कर दो माँ! ।७।
*
॥इति श्रीसप्तश्लोकी दुर्गा संपूर्णम्‌॥
।श्री सप्तश्लोकी दुर्गा (स्तोत्र) पूर्ण हुआ।

चिंतन

  • मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया
    हर फ़िक्र को धुएँ में उड़ाता चला गया
  • ‘धुएँ’ की जगह ‘हवा’ कर लें तो यह सूत्र बहुत काम का है।
  • मन ‘सामान सौ बरस का है, कल की खबर नहीं’ का सच स्वीकार ले तो गरीबी में भी अभाव नहीं होगा।
  • मनुष्य की सब समस्याओं का कारण संचय-वृत्ति है।
  • पूत सपूत तो क्यों धन संचय? पूत कपूत तो क्यों धन संचय?
  • सपूत खुद कमा लेगा, कपूत सब मिटा देगा।
  • यह सच सब जानते हैं पर मानते नहीं, मान लें तो सब समस्याएँ खत्म हो जाएँ।
  • ‘न कोई रहा है, न कोई रहेगा’ यह सनातन सच भी सबको मालूम है पर हर बशर खुद को अजर-अमर कर देना चाहता है।
  • स्मारक, मूर्तियाँ, नामकरण, नाम परिवर्तन आदि की निरर्थक जद्दोजहद सरकारों की नीति बन जाए तो देश दिशाहीनता की ओर तेजी से बढ़ने लगता है।
  • नागरिक जागें, जानें और मानें तो सबका कल्याण संभव है।

नाट्यशाला जग सकल जग ( पूर्णिका )

*
नाट्यशाला जग सकल जग
करो अभिनय कहे रग-रग
.
पटकथा लिख दी गई है
ठगे जाओ या बचो ठग
.
धूल बैठे शीश पर जा
रौंदता है गर अधिक पग
.
रुक न थक या हारकर मन
मिले मंजिल तज नहीं मग
.
राह लंबी हो भले ही
नाप लेते उठे लघु डग
.
काट पर कहते उड़ो रे!
काट बंधन उड़ गया खग
.
‘सलिल’ शत चोट पल-पल
जो वही पत्थर बने नग

प्रार्थना

शारद! सलिल अंजली अर्पित स्वीकारो हे माता!
मूढ़ दीन मैं, कृपा करो माँ! पकड़ो मेरी बैंया।।

काम-क्रोध मद-मोह दंभ भव बाधाएँ हैं घेरे।
पग पग पर हैं शूल अनगिनत जननी! ले लो कैंया।

मर्म धर्म का समझाओ माँ! शंका सभी मिटाओ।
पाप-ताप से अंब! बचा लो सिर पर दो कर छैंया।।

सब रिश्ते-नाते मतलब के, कोई दर्द न बाँटे।
तारणहार न कोई संकट में मैया ही सैंया।

महाकाव्य महानदी

अध्याय २ उत्पत्ति

शांति पाठ
वाणी मन में; मन वाणी में, वास करें प्रभु! वे अभिन्न हो।
हो प्रकाश-रूप प्रगटो प्रभु!, वेद-ज्ञान मन-वाणी ला दो।।
सुना ज्ञान जो; मुझे न भूले, निश-दिन चिंतन-पठन कर सकूँ-
सत्य-श्रेष्ठ-शुभ ही बोलूँ मैं, रक्षा करिए मेरी; गुरु की।
मुझको-गुरुको प्रभु! बचाइए, विघ्न अध्ययन में न तनिक हो।।
।। ॐ शांति: शांति: शांति: ।।
(ऐतरेयोपनिषद)

अक्षय अमर अनंत अनाहद, परम ऊर्जा निर-आकार।
चित्र गुप्त अविनाशी अद्भुत, परम ब्रह्म अज्ञात अपार।।
प्रसवन-पोषण-नाश हेतु कर, तीन भाग निज सक्षम-दक्ष।।
हो अवतरित कहें विधि-हरि-हर, हम मानस में पा प्रत्यक्ष।।
महाशक्तियाँ त्रय अभिन्न हैं, शारद-रमा-उमा नामित।
कंकर-कंकर करतीं शंकर, हर हर भव-बाधा शापित।।
परम ऊर्जा मायापति गुण, अक्षय अजर अमर अविनाश।
माया लिप्त-अलिप्त आप्त में, वही घोर तम वही प्रकाश।।
चित्त-वृत्ति सुख-दुख की कारक, करता निराकार-साकार।
तजें योग-निद्रा संप्राणित, होते विधि कर सृष्टि विहार।।
सुप्त चेतना जाग्रत करते, ध्वनि-कण-गगन सचेतन हो।
लय-गति-नाद तरंग-लहर-रस, लें-दें नित अनिकेतन हो।।
अनिल अनल भू गगन सलिल मिल, पंच तत्व होते संप्राण।
भार मिले निर्भार कणों को, हों चेतन निश्चेतन प्राण ।।

चौदह अरब साल पहले, बिग बैंग महाविस्फोट हुआ।
हाइड्रोजन हीलियम तत्व, भारी मिल छाया सघन धुआँ।
सिमटा हर कण लगा फैलने, है जारी अब तक विस्तार।
उत्सर्जित अत्यधिक ऊर्जा, हुई अनंत अनादि अपार।।
गर्म द्रव्य लैप्टान क्वार्क फ़ोटॉन बन गए बाद तुरंत।
उपजे थे न्यूट्रॉन और प्रोटॉन न कहीं क्रिया का अंत॥
सूर्य गुरुत्व क्षेत्र के बाहर, घनीभूत कण-धूलि मुई।
सूक्ष्म ग्रही चकरी-छल्लों में, परिवर्तित परिक्रमित हुई।।
परिपथीय-अक्षीय घूर्णन, कारक बना दबावों का।
ठोस-तरल-वायुज तत्वों के, पारस्परिक जुड़ावों का।।
क्षुद्र सूक्ष्म नन्हें कण जुड़कर, क्रमश: बड़े विराट बने।
झुके-मिले हो निकट निरंतर, हुए विकर्षित दूर तने।।
कालांतर में टकरा बिखरे, टकराए थे पिंड बड़े।
नव पदार्थ एकत्र ठोस हो, ग्रह बन कक्षा बना अड़े।।
० क्रमश:

विश्व कविता दिवस

*
विश्व में कविता समाहित
या कविता में विश्व?
देखें कंकर में शंकर
या शंकर में प्रलयंकर
नाद ताल ध्वनि लय रस मिश्रित
शक्ति-भक्ति अभ्यंकर
अक्षर क्षर का गान करे जब
हँसें उषा सँग सविता
तभी जन्म ले कविता
शब्द अशब्द निशब्द हुए जब
अलंकार साकार हुए सब
बिंब प्रतीक मिथक मिल नर्तित
अर्चित चर्चित कविता हो तब
सत्-शिव का प्रतिमान रचे जब
मन मंदिर की सुषमा
शिव-सुंदर हो कविता
मन ही मन में मन की कहती
पीर मौन रह मन में तहती
नेह नर्मदा कलकल-कलरव
छप्-छपाक् लहरित हो बहती
गिरि-शिखरों से कूद-फलाँगे
उद्धारे जग-पतिता
युग वंदित हो कविता
*

पानी


किसी आँख से बहे न पानी
सूखे नहीं आँख का पानी
.
बिन पानी सूनी सब दुनिया
पानी बहा न कर नादानी
.
मानव मोती मृदा चून की
पानी ने कीमत पहचानी
.
‘पानी पत राखो गिरधारी’
करे प्रार्थना मीरा स्यानी
.
पानी गंदा करें नराधम
बिन पानी दुनिया बेगानी
.
सलिल नीर जल वाटर निर्मल
बचा रखो न्यामत लासानी

लाँगुरिया लोकगीत

इसरो बारौ धरा छोड़ चंदा पै लैग्यो लाँगुरिया

ध्वजा तिरंगी एल वी एम पे जिसको ऊजर रंग,
ए टी एल-केल्ट्रॉन-कार्टस खूब निभाओ संग,
धू-धू इंजन, राम-बान सम रॉकेट भाग्यो लाँगुरिया

प्रोपल्शन-इंटर-लैंडर मॉड्यूल ने करो कमाल,
भू कक्षा में परकम्मा कर खूबई कियो धमाल,
इलिप्टिकल पार्किंग ऑर्बिट में झुम्यो-घूम्यो लाँगुरिया

विक्रम राजा काँध चढ़ो प्रज्ञान बनो बैताल,
मजनू लैला चंदा-द्वारे पहुँचो लै जैमाल,
सॉफ्ट लैंडिंग भई बजाऊत ताली नाच्यो लाँगुरिया

उतर चाँद पै भारत-इसरो की दै दई निसानी,
इत-उत घूमे छैल-छबीलो बता रओ है पानी,
गड्ढा देख फलाँग्यो, वानर घाईं लाँघ्यो लाँगुरिया

सोलर पैनल च्यवनप्रास घाईं दै ऊर्जा-ताकत,
एन ए वी कैमरा दनादन फोटू लै जग ताकत,
सूर्य छाँव में आतई नैना मूँद सो गयो लाँगुरिया

सब दुनिया नें भारत मैया को लोहा लौ मान,
इसरो अभियंता-वैज्ञानिक ठाँड़े सीना तान,
मंगल-सूरज जाबे की जिद ठान्यो लाँगुरिया!

इसरो बारौ धरा छोड़ चंदा पै लैग्यो लाँगुरिया

अपराजिता


ओ मेरी अपराजिता! तुमको पा जग-जयी मैं
.
जड़ माटी में जमाकर
हुईं अंकुरित-पल्लवित।
धूप-छाँव हँसकर सहे-
हँस भव-बाधा की विजित।
ओ मेरी अपराजिता! तुमको पा निर्भयी मैं
.
श्वेत-नील छवि मुग्धकर
सुख देती; दुख दग्ध कर।
मुस्कातीं मन मोहतीं-
बाँहों में आबद्ध कर।
ओ मेरी अपराजिता! तुमको पा तन्मयी मैं
.
हरि-भरी आशा-लता
हर लेती हर आपदा।
धनी न मुझ सा अन्य है-
तुम मम अक्षय संपदा।
ओ मेरी अपराजिता! तुमको पा सुहृदयी मैं

पलाशी शारद वंदना

(पलाश के १७ नाम सहित)

शारद! लिए पलाश आए हम, माँ सिंगार करो।

किंशुक कुसुम लगा वेणी में, भव-भय पीर हरो।।

करधन टेसू, कंगन छेवला, पायल सजे समिद्धर।

कौसुंबी कंचुकी, हरित आँचल स्वीकार करो।।

धारण कर गलहार त्रिपर्णी, बाले पहन सुपर्णी।

माते! बीजस्नेह दे संतति का उद्धार करो।।

करक ब्रह्मपादप पोरासू पलसु पिलासु पुतद्रु,

पालोशी पांगोंग लिए हम हँस उपहार वरो।।

अनुपम छवि रस रूप मनोहर स्वर व्यंजन मतिमय लख।

जीव सभी संजीव हो सकें, मातु! सलिल सह विचरो।।

जोगी जी


सदाचार का डालिए,
चौक रंगीला द्वार।
सद्भावों की फाग गा,
मेटें सब तकरार।।
जोगी जी सा रा रा रा

बाधाओं की लकड़ियाँ,
दें होरी में बार।
पीर गुलेरी सब जलें,
बचे न एकऊ खार।।
जोगी जी सारा रा रा

राजनीति की होलिका,
करे नहीं तकरार।
नेता-अफसर कर सकें, लोकनीति से प्यार।।
जोगी जी सारा रा रा

भुज भरकर मिलिए गले,
बढ़े खूब अपनत्व।
संसद से दूरी मिटे,
बढ़े खूब बंधुत्व।।
जोगी जी सा रा रा रा

सुख पिचकारी दें भिगा,
रंग हर्ष का, डाल।
मस्तक पर शोभित रहे,
यश का लाल गुलाल।।
जोगी जी सा रा रा रा

हिंदी मैदा माढ़िए,
उर्दू मोयन डाल।
देशज मेवाएँ भरें,
गुझिया बने कमाल।।
जोगी जी सा रा रा रा

परंपरा बेसन बने,
नवाचार हो तेल।
खांय-खिलाएँ पपड़ियाँ,
जी भर होली खेल।।
जोगी जी सा रा रा रा

कविता पिचकारी बना,
भरें छंद का रंग।
रस-लय की ठण्डाई पी,
करें गीत गा जंग।।
जोगी जी सा रा रा रा

फाग कबीरा गाइए, भर मस्ती में झूम।
ढोल-मँजीरा बजाएँ, खूब मचाएँ धूम।।
जोगी जी सा रा रा रा

भज गोविन्दम्


(मूल संस्कृत, हिन्दी काव्यानुवाद, अर्थ व अंग्रेजी अनुवाद सहित)

भज गोविन्दं भज गोविन्दं, गोविन्दं भज मूढ़मते।
संप्राप्ते सन्निहिते काले, न हि न हि रक्षति डुकृञ् करणे ॥१॥
गोविंद भजो, गोविंद भजो, गोविंद भजो रे मूरख मन।
अंतिम पल रक्षा कर न सके, केवल यह व्याकरण रटन॥१॥

हे मोह से ग्रसित बुद्धि वाले मित्र! गोविंद को भजो, गोविन्द का नाम लो, गोविन्द से प्रेम करो क्योंकि मृत्यु के समय व्याकरण के नियम याद रखने से आपकी रक्षा नहीं हो सकती है ॥१॥

O deluded minded friend, chant Govinda, worship Govinda, love Govinda as memorizing the rules of grammar cannot save one at the time of death. ॥1॥

मूढ़ जहीहि धनागमतृष्णाम्, कुरु सद्बुद्धिमं मनसि वितृष्णाम्।
यल्लभसे निजकर्मोपात्तम्, वित्तं तेन विनोदय चित्तं ॥२॥

धन-अर्जन की तृष्णा तज, सद्बुद्धि रखो वासना तजो।
सत्कर्म उपार्जित धन-प्रयोग दे, सदा चित्त को आनंदन॥२॥

हे मोहित बुद्धि! धन एकत्र करने के लोभ को त्यागो। अपने मन से इन समस्त कामनाओं का त्याग करो। सत्यता के पथ का अनुसरण करो, अपने परिश्रम से जो धन प्राप्त हो उससे ही अपने मन को प्रसन्न रखो ॥२॥

O deluded minded ! Give up your lust to amass wealth. Give up such desires from your mind and take up the path of righteousness. Keep your mind happy with the money which comes as the result of your hard work. ॥2॥

नारीस्तनभरनाभीदेशम्, दृष्ट्वा मागा मोहावेशम्।
एतन्मान्सवसादिविकारम्, मनसि विचिन्तय वारं वारम् ॥३॥

नाभि-वक्ष सौंदर्य देखकर, मत मतवाला हो नारी का।
अस्थि, मांस, मज्जा, मेदा है, अशुचि मोह का कर भंजन॥३॥

स्त्री शरीर पर मोहित होकर आसक्त मत हो। अपने मन में निरंतर स्मरण करो कि ये मांस-वसा आदि के विकार के अतिरिक्त कुछ और नहीं हैं ॥३॥

Do not get attracted on seeing the parts of woman’s anatomy under the influence of delusion, as these are made up of skin, flesh and similar substances. Deliberate on this again and again in your mind॥3॥

नलिनीदलगतजलमतितरलम्, तद्वज्जीवितमतिशयचपलम्।
विद्धि व्याध्यभिमानग्रस्तं, लोक शोकहतं च समस्तम् ॥४॥

कमल-पाँखुरी पर क्रीड़ारत, सलिल-बिंदुवत चंचल मति-यश।
रोग, अहं, अभिमानग्रस्त है, सकल विश्व यह समझ अकिंचन॥४॥

जीवन कमल-पत्र पर पड़ी हुई पानी की बूंदों के समान अनिश्चित एवं अल्प (क्षणभंगुर) है। यह समझ लो कि समस्त विश्व रोग, अहंकार और दु:ख में डूबा हुआ है ॥४॥

Life is as ephemeral as water drops on a lotus leaf . Be aware that the whole world is troubled by disease, ego and grief. ॥4॥

यावद्वित्तोपार्जनसक्त:, तावन्निजपरिवारो रक्तः।
पश्चाज्जीवति जर्जरदेहे, वार्तां कोऽपि न पृच्छति गेहे ॥५॥

धन-अर्जन-संचय की जब तक, शक्ति तभी तक आश्रित चिपके।
कोई न चाहे बातें करना, निर्बल-जर्जर जब होगा तन॥५॥

जब तक व्यक्ति धनोपार्जन में समर्थ है, तब तक परिवार में सभी उसके प्रति स्नेह प्रदर्शित करते हैं परन्तु अशक्त हो जाने पर उसे सामान्य बातचीत में भी नहीं पूछा जाता है ॥५॥

As long as a man is fit and capable to earn money, everyone in the family show affection towards him. But after wards, when the body becomes weak no one enquires about him even during the talks. ॥5॥

यावत्पवनो निवसति देहे, तावत् पृच्छति कुशलं गेहे।
गतवति वायौ देहापाये, भार्या बिभ्यति तस्मिन्काये ॥६॥

इस नश्वर शरीर में जब तक, प्राण तभी तक लोग पूछते।
प्राण शरीर छोड़ता, डरती अर्धांगिनी तक लख विकृत तन॥६॥

जब तक शरीर में प्राण रहते हैं तब तक ही लोग कुशल पूछते हैं। शरीर से प्राण वायु के निकलते ही पत्नी भी उस शरीर से डरती है ॥६॥

Till one is alive, family members enquire kindly about his welfare. But when the vital air (Prana) departs from the body, even the wife fears from the corpse.॥6॥

बालस्तावत् क्रीडासक्तः, तरुणस्तावत् तरुणीसक्तः।
वृद्धस्तावच्चिन्तासक्तः, परे ब्रह्मणि कोऽपि न सक्तः ॥७॥

बालक-मन आसक्त खेल में, तरुण-युवा मन हो रमणी में।
चिंतासक्त वृद्ध-मन होता, हो न ब्रम्ह में लीन कभी मन.॥७॥

बचपन में खेल में रूचि होती है , युवावस्था में युवा स्त्री के प्रति आकर्षण होता है, वृद्धावस्था में चिंताओं से घिरे रहते हैं पर प्रभु से कोई प्रेम नहीं करता है ॥७॥

In childhood we are attached to sports, in youth, we are attached to woman . Old age goes in worrying over every thing . But there is no one who wants to be engrossed in Govind, the parabrahman at any stage. ॥7॥

का ते कांता कस्ते पुत्रः, संसारोऽयमतीव विचित्रः।
कस्य त्वं वा कुत आयातः, तत्त्वं चिन्तय तदिह भ्रातः ॥८॥

कौन तुम्हारा पत्नि-पुत्र है?, यह दुनिया सचमुच विचित्र है।
तुम किसके हो?, आये कहाँ से?, अब तो कर लो यह सच-चिंतन.॥8॥

कौन तुम्हारी पत्नी है, कौन तुम्हारा पुत्र है, ये संसार अत्यंत विचित्र है, तुम कौन हो, कहाँ से आये हो, बन्धु ! इस बात पर तो पहले विचार कर लो ॥८॥

Who is your wife ? Who is your son? Indeed, strange is this world. O dear, think again and again who are you and from where have you come. ॥8॥

सत्संगत्वे निस्संगत्वं, निस्संगत्वे निर्मोहत्वं।
निर्मोहत्वे निश्चलतत्त्वं, निश्चलतत्त्वे जीवन्मुक्तिः ॥९॥

सत्संगति से अनासक्ति हो, अनासक्ति से माया छूटे।
मुक्ति तत्व का अनुभव हो तब, जन्म-मरण का छूटे बंधन॥९॥

सत्संग से वैराग्य, वैराग्य से विवेक, विवेक से स्थिर तत्त्वज्ञान और तत्त्वज्ञान से मोक्ष की प्राप्ति होती है ॥९॥

Association with saints brings non-attachment, non-attachment leads to right knowledge, right knowledge leads us to permanent awareness,to which liberation follows. ॥9॥

वयसि गते कः कामविकारः, शुष्के नीरे कः कासारः।
क्षीणे वित्ते कः परिवारः, ज्ञाते तत्त्वे कः संसारः ॥१०॥

काम कहाँ जब यौवन बीते?, कहाँ जलाशय जब जल रीते?।
धन बिन कहाँ स्वजन औ’ परिजन?, तत्व-ज्ञान सच, भ्रम जग-जीवन॥१०॥

आयु बीत जाने के बाद काम भाव नहीं रहता, पानी सूख जाने पर तालाब नहीं रहता, धन चले जाने पर परिवार नहीं रहता और तत्त्व ज्ञान होने के बाद संसार नहीं रहता ॥१०॥

As lust without youth, lake without water, the relatives without wealth are meaningless, similarly this world ceases to exist, when the Truth is revealed? ॥10॥

मा कुरु धनजनयौवनगर्वं, हरति निमेषात्कालः सर्वं।
मायामयमिदमखिलम् हित्वा, ब्रह्मपदम् त्वं प्रविश विदित्वा ॥११॥

धन-अनुचर-यौवन पर मत कर, गर्व काल पल में हर लेता।
मिथ्या माया तज दे पल में, जान ब्रम्ह को कर अनुगायन॥११॥

धन, शक्ति और यौवन पर गर्व मत करो, समय क्षण भर में इनको नष्ट कर देता है| इस विश्व को माया से घिरा हुआ जान कर तुम ब्रह्म पद में प्रवेश करो ॥११॥

Do not boast of wealth, friends (power), and youth, these can be taken away in a flash by Time . Knowing this whole world to be under the illusion of Maya, you try to attain the Absolute. ॥11॥

दिनयामिन्यौ सायं प्रातः, शिशिरवसन्तौ पुनरायातः।
कालः क्रीडति गच्छत्यायुस्तदपि, न मुन्च्त्याशावायुः ॥१२॥

आते-जाते दिवस-रात, संध्या-प्रभात, ऋतु शिशिर-वसंती।
मिथ्या माया तज दे पल में, जान ब्रम्ह को कर अनुगायन॥१२॥

दिन और रात, शाम और सुबह, सर्दी और बसंत बार-बार आते-जाते रहते है काल की इस क्रीडा के साथ जीवन नष्ट होता रहता है पर इच्छाओ का अंत कभी नहीं होता है ॥१२॥

Day and night, dusk and dawn, winter and spring come and go. In this sport of Time entire life goes away, but the storm of desire never departs or diminishes. ॥12॥

द्वादशमंजरिकाभिरशेषः, कथितो वैयाकरणस्यैषः।
उपदेशोऽभूद्विद्यानिपुणैः, श्रीमच्छंकरभगवच्चरणैः ॥१२अ॥

बारह पद के पुष्पहार से, उपदेशा व्याकरणाचार्य को।
आदि शंकराचार्य देव ने, पढ़-सुन-गुन ले कुछ तू भी मन॥१२अ॥

बारह गीतों का ये पुष्पहार उपदेश के रूप में, सर्वज्ञ प्रभुपाद श्री शंकराचार्य द्वारा एक वैयाकरण को प्रदान किया गया ॥१२अ॥

This bouquet of twelve verses was imparted to a grammarian by the all-knowing, god-like Sri Shankara. ॥12A॥

कांते कांता धन गत चिंता, वातुल किं तव नास्ति नियंता।
त्रिजगति सज्जनसं गतिरैका, भवति भवार्णवतरणे नौका ॥१३॥

चिंता क्यों भार्या की, धन की?, क्या न तुम्हारा ईश नियामक?
भवसागर से पार उतर जा, कर सुसंग नौका-नौकायन ॥१३॥

तुम्हें पत्नी और धन की इतनी चिंता क्यों है, क्या उनका कोई नियंत्रक नहीं है| तीनों लोकों में केवल सज्जनों का साथ ही इस भवसागर से पार जाने की नौका है ॥१३॥

Oh deluded man ! Why do you worry about your wealth and wife? Is there no one to take care of them? Only the company of saints can act as a boat in three worlds to take you out from this ocean of rebirths. ॥13॥

जटिलो मुण्डी लुञ्छितकेशः, काषायाम्बरबहुकृतवेषः।
पश्यन्नपि च न पश्यति मूढः, उदरनिमित्तं बहुकृतवेषः ॥१४॥

जटा बढ़ाकर, शीश मुंडाकर, बाल नुचा, गेरुआ पहनकर ।
सत्य देख क्यों देख न पाते?, विविध वेश धर पाते भोजन ॥१४॥

बड़ी जटाएं, केश रहित सिर, बिखरे बाल , काषाय (भगवा) वस्त्र और भांति भांति के वेश ये सब अपना पेट भरने के लिए ही धारण किये जाते हैं, अरे मोहित मनुष्य तुम इसको देख कर भी क्यों नहीं देख पाते हो ॥१४॥

Matted and untidy hair, shaven heads, orange or variously colored cloths are all a way to earn livelihood . O deluded man why don’t you understand it even after seeing.॥14॥

अङ्गं गलितं पलितं मुण्डं, दशनविहीनं जतं तुण्डम्।
वृद्धो याति गृहीत्वा दण्डं, तदपि न मुञ्चत्याशापिण्डम् ॥१५॥

बदन गल गया, बाल पक गये, मुँह के दाँत गिर गये सारे।
ले लाठी करता पग-चालन, आशा फिर भी नहीं तजे मन॥१५॥

क्षीण अंगों, पके हुए बालों, दांतों से रहित मुख और हाथ में दंड लेकर चलने वाला वृद्ध भी आशा-पाश से बंधा रहता है ॥१५॥

Even an old man of weak limbs, hairless head, toothless mouth, who walks with a stick, cannot leave his desires. ॥15

अग्रे वह्निः पृष्ठेभानुः, रात्रौ चुबुकसमर्पितजानुः।
करतलभिक्षस्तरुतलवासः, तदपि न मुञ्चत्याशापाशः ॥१६॥

सूर्य ढले तब अग्नि जला, सह ठंडी घुटने-ठुड्डी पर रख ठुड्डी।
भिक्षा माँगे, तरु नीचे रह, आशा-फंदा ताजे न दामन॥१६॥

सूर्यास्त के बाद, रात्रि में आग जला कर और घुटनों में सर छिपाकर सर्दी बचाने वाला, हाथ में भिक्षा का अन्न खाने वाला, पेड़ के नीचे रहने वाला भी अपनी इच्छाओं के बंधन को छोड़ नहीं पाता है ॥१६॥

One who warms his body by fire after sunset, curls his body to his knees to avoid cold; eats the begged food and sleeps beneath the tree, he is also bound by desires, even in these difficult situations. ॥16॥

कुरुते गङ्गासागरगमनं, व्रतपरिपालनमथवा दानम्।
ज्ञानविहीनः सर्वमतेन, मुक्तिं न भजति जन्मशतेन ॥१७॥

गंगासागर गमन करे या, दान करे करके व्रत-पालन।
ज्ञान बिना भव-पार न जाता, सौ-सौ जन्म कहें सब सज्जन॥१७

किसी भी धर्म के अनुसार ज्ञानरहित रहकर गंगासागर जाने, व्रत रखने और दान देने से सौ जन्मों में भी मुक्ति नहीं प्राप्त हो सकती है ॥१७॥

According to all religions, without knowledge one cannot get liberated in hundred births though he might visit Gangasagar or observe fasts or do charity. ॥17॥

सुर मंदिर तरु मूल निवासः, शय्या भूतल मजिनं वासः
सर्व परिग्रह भोग त्यागः, कस्य सुखं न करोति विरागः ॥१८॥

छाल हिरन की पहन, शयनकर देवालय में तरु के नीचे।
ताजे लालसा-भोग विलासी, सुख न कौन सा पता तब मन?॥१८॥

देव मंदिर या पेड़ के नीचे निवास, पृथ्वी जैसी शय्या, अकेले ही रहने वाले, सभी संग्रहों और सुखों का त्याग करने वाले वैराग्य से किसको आनंद की प्राप्ति नहीं होगी ॥१८॥

Reside in a temple or below a tree, sleep on mother earth as your bed, stay alone, leave all the belongings and comforts, such renunciation can give all the pleasures to anybody. ॥18॥

योगरतो वाभोगरतोवा, सङ्गरतो वा सङ्गवीहिनः।
यस्य ब्रह्मणि रमते चित्तं, नन्दति नन्दति नन्दत्येव ॥१९॥

भोग करे या योगलीं हो?, रहे भीड़ में या एकाकी?।
सुखी-प्रसन्न वही वास्तव में, लीन ब्रम्ह में हो जिसका मन॥१९॥

कोई योग में लगा हो या भोग में, संग में आसक्त हो या निसंग हो, पर जिसका मन ब्रह्म में लगा है वो ही आनंद करता है, आनंद ही करता है ॥१९॥

One may like meditative practice or worldly pleasures , may be attached or detached. But only the one fixing his mind on God lovingly enjoys bliss, enjoys bliss, enjoys bliss. ॥19॥

भगवद्गीता किञ्चिदधीता, गङ्गा जललव कणिकापीता।
सकृदपि येन मुरारि समर्चा, क्रियते तस्य यमेन न चर्चा ॥२०॥

किंचित भी भवद्गीता पढ़, एक बूँद भी गंगाजल पी।
पूजे पल भर भी मुरारि को, यदि- हो दूर सदा यम-बंधन॥२०॥

जिन्होंने भगवदगीता का थोडा सा भी अध्ययन किया है, भक्ति रूपी गंगा जल का कण भर भी पिया है, भगवान कृष्ण की एक बार भी समुचित प्रकार से पूजा की है, यम के द्वारा उनकी चर्चा नहीं की जाती है ॥२०॥

Those who study Gita, even a little, drink just a drop of water from the holy Ganga, worship Lord Krishna with love even once, Yama, the God of death has no control over them. ॥20॥

पुनरपि जननं पुनरपि मरणं, पुनरपि जननी जठरे शयनम्।
इह संसारे बहुदुस्तारे, कृपयाऽपारे पाहि मुरारे॥२१॥

जन्म-मरण, माँ-गर्भ-शयन, हो बार-बार संसार यही है।
करो कृपा हे देव मुरारि!, उद्धारो कर भव-भय-भंजन॥२१॥

बार-बार जन्म, बार-बार मृत्यु, बार-बार माँ के गर्भ में शयन, इस संसार से पार जा पाना बहुत कठिन है, हे कृष्ण कृपा करके मेरी इससे रक्षा करें ॥२१॥

Born again, die again, stay again in the mother’s womb, it is indeed difficult to cross this world. O Murari ! please help me through your mercy. ॥21॥

रथ्या चर्पट विरचित कन्थः, पुण्यापुण्य विवर्जित पन्थः।
योगी योगनियोजित चित्तो, रमते बालोन्मत्तवदेव ॥२२॥

जो गुण-दोष-परे पथ का हो, पथिक मात्र गुदड़ी धारणकर।
बच्चे सा उन्मत्त सुयोगी, दैव-चेतना-लीन रहे मन॥२२॥

रथ के नीचे आने से फटे हुए कपड़े पहननेवाले, पुण्य और पाप से रहित पथ पर चलने वाले, योग में अपने चित्त को लगाने वाले योगी, बालक के समान आनंद में रहते हैं ॥२२॥

One who wears cloths ragged due to chariots, move on the path free from virtue and sin,keeps his mind controlled through constant practice, enjoys like a carefree exuberant child. ॥22॥

कस्त्वं कोऽहं कुत आयातः, का मे जननी को मे तातः।
इति परिभावय सर्वमसारम्, विश्वं त्यक्त्वा स्वप्न विचारम् ॥२३॥

कौन तुम? हूँ कौन मैं?, आया कहाँ से?, कौन माँ-पितु?।
स्वप्नसम निस्सार जग-तज, तत्व-जिज्ञासा करो मन॥२३॥

तुम कौन हो, मैं कौन हूँ, कहाँ से आया हूँ, मेरी माँ कौन है, मेरा पिता कौन है? सब प्रकार से इस विश्व को असार समझकर इसको एक स्वप्न के समान त्याग दो ॥२३

Who are you ? Who am I ? From where I have come ? Who is my mother, who is my father ? Ponder over these and after understanding,this world to be meaningless like a dream,relinquish it. ॥23॥

त्वयि मयि चान्यत्रैको विष्णुः, व्यर्थं कुप्यसि मय्यसहिष्णुः।
भव समचित्तः सर्वत्र त्वं, वाञ्छस्यचिराद्यदि विष्णुत्वम् ॥२४

तुममें, मुझमें, सकल जगत में, व्याप्त विष्णु ही व्यापक सच है।
क्रुद्ध अकारण हो न, एक सा हर हालत में रखना निज मन॥२४॥

तुममें, मुझमें और अन्यत्र भी सर्वव्यापक विष्णु ही हैं, तुम व्यर्थ ही क्रोध करते हो, यदि तुम शाश्वत विष्णु पद को प्राप्त करना चाहते हो तो सर्वत्र समान चित्त वाले हो जाओ ॥२४॥

Lord Vishnu resides in me, in you and in everything else, so your anger is meaningless . If you wish to attain the eternal status of Vishnu, practice equanimity all the time, in all the things. ॥24॥

शत्रौ मित्रे पुत्रे बन्धौ, मा कुरु यत्नं विग्रहसन्धौ।
सर्वस्मिन्नपि पश्यात्मानं, सर्वत्रोत्सृज भेदाज्ञानम् ॥२५॥

शत्रु-मित्र या संबंधी-सुत, से लड़ना-मिलना न सार्थक।
सब में खुद को देख तजो, अज्ञानजनित वैभिन्न्य भाव मन॥२५॥

शत्रु, मित्र, पुत्र, बन्धु-बांधवों से द्वेष और प्रेम मत करो, सबमें अपने आपको ही देखो, इस प्रकार सर्वत्र ही भेद रूपी अज्ञान को त्याग दो ॥२५॥

Try not to win the love of your friends, brothers, relatives and son(s) or to fight with your enemies. See yourself in everyone and give up ignorance of duality everywhere.॥25॥

कामं क्रोधं लोभं मोहं, त्यक्त्वाऽत्मानं भावय कोऽहम्।
आत्मज्ञान विहीना मूढाः, ते पच्यन्ते नरकनिगूढाः ॥२६॥

काम, क्रोध, मद, लोभ त्यागकर, मैं ‘वह’ हूँ अनुभव कर साधक।
जिन्हें न आत्मज्ञान, वे मूरख, पीड़ित हों बन यम-बंदीजन ॥२६॥

काम, क्रोध, लोभ, मोह को छोड़ कर, स्वयं में स्थित होकर विचार करो कि मैं कौन हूँ, जो आत्म- ज्ञान से रहित मोहित व्यक्ति हैं वे बार-बार छिपे हुए इस संसार रूपी नरक में पड़ते हैं ॥२६॥

Give up desires, anger, greed and delusion. Ponder over your real nature . Those devoid of the knowledge of self come in this world, a hidden hell, endlessly. ॥26॥

गेयं गीता नाम सहस्रं, ध्येयं श्रीपति रूपमजस्रम्।
नेयं सज्जन सङ्गे चित्तं, देयं दीनजनाय च वित्तम् ॥२७॥

गीता-विष्णुसहस्त्रनाम का गान, ध्यानकर श्री हरि का मन।
सदा रहो सत्संग-लीन मन, दीनों को के दान सदा धन॥२७॥

भगवान विष्णु के सहस्त्र नामों को गाते हुए उनके सुन्दर रूप का अनवरत ध्यान करो, सज्जनों के संग में अपने मन को लगाओ और गरीबों की अपने धन से सेवा करो ॥२७॥

Sing thousand glories of Lord Vishnu, constantly remembering his form in your heart. Enjoy the company of noble people and do charity for the poor and the needy. ॥27॥

सुखतः क्रियते रामाभोगः, पश्चाद्धन्त शरीरे रोगः।
यद्यपि लोके मरणं शरणं, तदपि न मुंचति पापाचरणं ॥२८॥

क्षणिक भोगकर कायिक सुख, रोगी हो जाते सभी बाद में।
मृत्यु अंत में पाते लेकिन, नहीं त्यागते पाप-आचरण॥२८॥

सुख के लिए लोग आनंद-भोग करते हैं जिसके बाद इस शरीर में रोग हो जाते हैं। यद्यपि इस पृथ्वी पर सबका मरण सुनिश्चित है फिर भी लोग पापमय आचरण को नहीं छोड़ते हैं ॥२८॥

People use this body for pleasure which gets diseased in the end. Though in this world everything ends in death, man does not give up the sinful conduct. ॥28॥

अर्थंमनर्थम् भावय नित्यं, नास्ति ततः सुखलेशः सत्यम्।
पुत्रादपि धनभजाम् भीतिः, सर्वत्रैषा विहिता रीतिः ॥२९॥

हर विपत्ति का मूल संपदा, सुख न तनिक भी धन से मिलता।
सुत भी बैरी बने धनिक का, सच स्वीकारी तज दो धन, मन॥२९॥

धन अकल्याणकारी है और इससे जरा सा भी सुख नहीं मिल सकता है, ऐसा विचार प्रतिदिन करना चाहिए | धनवान व्यक्ति तो अपने पुत्रों से भी डरते हैं ऐसा सबको पता ही है ॥२९॥

Keep on thinking that money is cause of all troubles, it cannot give even a bit of happiness. A rich man fears even his own son . This is the law of riches everywhere. ॥29॥

प्राणायामं प्रत्याहारं, नित्यानित्य विवेकविचारम्।
जाप्यसमेत समाधिविधानं, कुर्ववधानं महदवधानम् ॥३०॥

क्रिया-नियंत्रण, इन्द्रिय संयम, सत्यासत्य-विवेचन नित कर ।
नित्य-अनित्य विचारण, जप-तप, का अभ्यास सजग रह कर मन॥३०॥

प्राणायाम, उचित आहार, नित्य इस संसार की अनित्यता का विवेक पूर्वक विचार करो, प्रेम से प्रभु-नाम का जाप करते हुए समाधि में ध्यान दो, बहुत ध्यान दो ॥३०॥

Do pranayam, the regulation of life forces, take proper food, constantly distinguish the permanent from the fleeting, Chant the holy names of God with love and meditate,with attention, with utmost attention. ॥30॥

गुरुचरणाम्बुज निर्भर भक्तः, संसारादचिराद्भव मुक्तः।
सेन्द्रियमानस नियमादेवं, द्रक्ष्यसि निज हृदयस्थं देवम् ॥३१॥

गुरु-पदपद्म-भक्त! इन्द्रिय-मन, नियमन कर भव से छूटो रे।
निज उरवासी देव के करो, दर्शन, तरो मुक्त हो रे मन॥३१॥

गुरु के चरणकमलों का ही आश्रय माननेवाले भक्त बनकर सदैव के लिए इस संसार में आवागमन से मुक्त हो जाओ, मन एवं इन्द्रियों का निग्रह कर अपने हृदय में विराजमान प्रभु के दर्शन करो ॥३१॥

Be dependent only on the lotus feet of your Guru and get salvation from this world. Through disciplined senses and mind, you can see the indwelling Lord of your heart !॥31॥

मूढः कश्चन वैयाकरणो, डुकृञ्करणाध्ययन धुरिणः।
श्रीमच्छम्कर भगवच्छिष्यै, बोधित आसिच्छोधितकरणः ॥३२

मुग्ध व्याकरण के नियमों पर, संगत में व्याकरणाचार्य की।
शिष्य कई शंकराचार्य के, ईश-बोध हित हुए सुप्रेरित ॥३२॥

इस प्रकार व्याकरण के नियमों को कंठस्थ करते हुए किसी मोहित वैयाकरण के माध्यम से बुद्धिमान श्री भगवान शंकर के शिष्य बोध प्राप्त करने के लिए प्रेरित किए गए ॥३२॥

Thus through a deluded grammarian lost in memorizing rules of the grammar, the all knowing Sri Shankara motivated his disciples for enlightenment. ॥32॥

भजगोविन्दं भजगोविन्दं, गोविन्दं भजमूढमते।
नामस्मरणादन्यमुपायं, नहि पश्यामो भवतरणे ॥३३॥

गोविन्द भजो, गोविन्द भजो, गोविन्द भजो रे मूरख मन।
भव से पार उतरने का है, ईश नाम जप ही साधन॥३३॥

गोविंद को भजो, गोविन्द का नाम लो, गोविन्द से प्रेम करो क्योंकि भगवान के नाम जप के अतिरिक्त इस भव-सागर से पार जाने का अन्य कोई मार्ग नहीं है ॥३३॥

O deluded minded friend, chant Govinda, worship Govinda, love Govinda as there is no other way to cross the life’s ocean except lovingly remembering the holy names of God. ॥33॥

जो मेरा सो तेरा रे ( गीत )

जो मेरा सो तेरा साधो! जो मेरा सो तेरा रे!
आए आज चले जाना कल, किसका सदा बसेरा रे!
.
काया छाया माया ने भरमाया सारी दुनिया को
सबने सबसे लिया, दिया हँस वह ही समझ दुनिया को।
सबका सबको गर न मिले तो आपस में होती तकरार-
अपना जो आखिर में वह भी दे जाना है दुनिया को।
चार दिनों के लिए ठिकाण फिर उठना है डेरा रे!
जो मेरा सो तेरा साधो! जो मेरा सो तेरा रे!
.
तेरा तुझको अर्पण कर दूँ, मैंने कुछ भी नहीं तहा
आया खाली हाथ, न हाथों में कुछ अपने कभी रहा।
गड्ढा जल रोके रखता जो वह जाता है जल्दी सूख
वही नदी जिंदा रह पुजती जिसमें हर पल सलिल बहा।
भोर रात काली दे, देती काली रात सवेरा रे!
जो मेरा सो तेरा साधो! जो मेरा सो तेरा रे!
.
लिए अंजली में सुर सातों, प्रीति किरण प्रभु को अर्पित
करे साधना सरला चित नित, मुकल मना कर यश अर्जित
शारद-इला-उमा बिन विधि-हरि-हर को जग में पूछे कौन-
ऋद्धि-सिद्धि सह ही विघ्नेश्वर होते सकल सृष्टि पूजित।
आता-जाता, जाता-आता हर जन हो पग फेरा रे!

भारत अविजित

एक एक मिल ग्यारह हों जब, तब बढ़ जाता वेट।
ग्यारह मिल जब एक बनें तो जीतें विश्व क्रिकेट।।

सब सपना देखें ‘विराट’ मिल, करें उसे साकार।
‘शुभ मन’ हो तो ‘हार्दिक’ खुशियाँ, मिलतीं आखिरकार।।

‘अक्षर’ अक्षय खेल भावना, ‘श्रेयस’ की हकदार।
‘राहुल-रोहित अर्श दीप’ ले, ‘हर्षित’ हर अँधियार।।

तरुण ‘वरुण’ ले गेंद गरुण सम चकरा दे हर बार।
‘ऋषभ-यशस्वी’ दें ताली, ‘सुंदर’ ‘कुलदीप’ प्रहार।।

जड़े ‘जडेजा’ चौका जीते, न्यूजीलैंड पराजित।
पाकिस्तानी मुँह लटकाए, ‘गौतम’ भारत अविजित।।

शमा जलाकर ‘शमी’ मिटा दे, हर शंका-संदेह।
ट्राफी लिए चैंपियन की हँस लौटें अपने गेह।।

महिला दिवस

*
एक दिवस क्या
माँ ने हर पल, हर दिन
महिला दिवस मनाया।
*
अलस सवेरे उठी पिता सँग
स्नान-ध्यान कर भोग लगाया।
खुश लड्डू गोपाल हुए तो
चाय बनाकर, हमें उठाया।
चूड़ी खनकी, पायल बाजी
गरमागरम रोटियाँ फूली
खिला, आप खा, कंडे थापे
पड़ोसिनों में रंग जमाया।
विद्यालय से हम,
कार्यालय से
जब वापिस हुए पिताजी
माँ ने भोजन गरम कराया।
*
ज्वार-बाजरा-बिर्रा, मक्का
चाहे जो रोटी बनवा लो।
पापड़, बड़ी, अचार, मुरब्बा
माँ से जो चाहे डलवा लो।
कपड़े सिल दे, करे कढ़ाई,
बाटी-भर्ता, गुझिया, लड्डू
माँ के हाथों में अमृत था
पचता सब, जितना जी खा लो।
माथे पर
नित सूर्य सजाकर
अधरों पर
मृदु हास रचाया।
*
क्रोध पिता का, जिद बच्चों की
गटक हलाहल, देती अमृत।
विपदाओं में राहत होती
बीमारी में माँ थी राहत।
अन्नपूर्णा कम साधन में
ज्यादा काम साध लेती थी
चाहे जितने अतिथि पधारें
सबका स्वागत करती झटपट।
नर क्या,
ईश्वर को भी
माँ ने
सोंठ-हरीरा भोग लगाया।
*
आँचल-पल्लू कभी न ढलका
मेंहदी और महावर के सँग।
माँ के अधरों पर फबता था
बंगला पानों का कत्था रँग।
गली-मोहल्ले के हर घर में
बहुओं को मिलती थी शिक्षा
मैंनपुरी वाली से सीखो
तनक गिरस्थी के कुछ रँग-ढंग।
कर्तव्यों की
चिता जलाकर
अधिकारों को
नहीं भुनाया।

फागुन में ( पूर्णिका )


मन मकरंदित हो महके फागुन में।
तन आनंदित हो चहके फागुन में।।

होली हो ली फिर फिर हो आँगन भी।
संग पलाश के खिल दहके फागुन में।।

रंग-बिरंगी सुधियों की पिचकारी।
मार खेलना रंग हमें फागुन में।।

जिससे मिलें मलें उसके मुखड़े पर।
लाल गुलाल स्नेह का हम फागुन में।।

‘सलिल’ तर-ब-तर हों सब कोई न छूटे।
रसिया गाएँ रास रचा फागुन में।।

हाड़ौती

( सरस्वती वंदना )
जागण दै मत सुला सरसती
अक्कल दै मत रुला सरसती
बावन आखर घणां काम का
पढ़बो-बढ़बो सिखा सरसती
ज्यूँ दीपक; त्यूँ लड़ूँ तिमिर सूं
हिम्मत बाती जला सरसती
लीक पुराणी डूँगर चढ़बो
कलम-हथौड़ी दिला सरसती
आयो हूँ मैं मनख जूण में
लख चौरासी भुला सरसती
नांव सुमरबो घणूं कठण छै
चित्त न भटका, लगा सरसती
जीवण-सलिला लांबी-चौड़ी
धीरां-धीरां तिरा सरसती

वन्य जीवन दिवस

वन्य जीवन
शहरी जीवन से
अधिक नैतिक।
.
जानवर है
अधिक अहिंसक
इंसान से।
.
कभी न देखा
रिश्वत लेते हुए
पशु-पक्षी को
.
नहीं जानते
बलात्कार करना
ये जानवर।
.
बेइज्जती है
इंसान को कहना
पशु, पशु की।
.
जमा करते
नहीं परदेश में
ये पशु धन।
.
कभी देखा है
दगाबाजी करते
जानवरों को?
.
होते हैं नंगे
पर बेशर्म नहीं
जंगलवासी।


यार शिरीष! ( गीत )

*
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
अब भी खड़े हुए एकाकी
रहे सोच क्यों साथ न बाकी?
तुमको भाते घर, माँ, बहिनें
हम चाहें मधुशाला-साकी।
तुम तुलसी को पूज रहे हो
सदा सुहागन निष्ठा पाले।
हम महुआ की मादकता के
हुए दीवाने ठर्रा ढाले।
चढ़े गिरीश
पर नहीं बिगड़े
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
राजनीति तुमको बेगानी
लोकनीति ही लगी सयानी।
देश हितों के तुम रखवाले
दुश्मन पर निज भ्रकुटी तानी।
हम अवसर को नहीं चूकते
लोभ नीति के हम हैं गाहक।
चाट सकें इसलिए थूकते
भोग नीति के चाहक-पालक।
जोड़ रहे
जो सपने बिछुड़े
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
तुम जंगल में धूनि रमाते
हम नगरों में मौज मनाते।
तुम खेतों में मेहनत करते
हम रिश्वत परदेश-छिपाते।
ताप-शीत-बारिश हँस झेली
जड़-जमीन तुम नहीं छोड़ते।
निज हित खातिर झोपड़ तो क्या
हम मन-मंदिर बेच-तोड़ते।
स्वार्थ पखेरू के
पर कतरे।
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
तुम धनिया-गोबर के संगी
रीति-नीति हम हैं दोरंगी।
तुम मँहगाई से पीड़ित हो
हमें न प्याज-दाल की तंगी।
अंकुर पल्लव पात फूल फल
औरों पर निर्मूल्य लुटाते।
काट रहे जो उठा कुल्हाड़ी
हाय! तरस उन पर तुम खाते।
तुम सिकुड़े
हम फैले-पसरे।
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे

सॉनेट प्रेम


प्रेम फूल से सब करते हैं
काश! धूल से भी कर पाएँ
रहे रूप पर जो मरते हैं
गीत सद्गुणों के गुँजाएँ
मन से मन के तार जुड़ें तो
तन-वीणा से सरगम निकले
थाम हाथ में हाथ उड़ें तो
कदम न बहके, कभी न फिसले
प्रेम पर्व पल-पल मनाइए
कुंभ नहाएँ सुमिर-सुमिरकर
अश्रु बहा दिल मत दुखाइए
प्रेम न मरता है अजरामर
प्रेम जिंदगी हँसकर जीना
क्षेम सृजनरत रह लब सीना

अलख निरंजन


द्वार-द्वार जा अलख निरंजन
रहे गुँजाते, अब न पड़े सुन

जो उधेड़ते बखिया सबकी
वे ही कहते नित सपने बुन

बने जहाँ घर वहीं स्वर्ग है
नर्क बने घर जहाँ रही ठन

दोस्त एक मिलता मुश्किल से
दुश्मन बन जाते हैं अनगिन

ओ मेरे मन! मत हो उन्मन
झटपट करले प्रिय का सुमिरन

मेज पीट मत तोड़ें सांसद
सीख बजाना तबला ता-धिन

वेलेंटाइन सात दिनों का
बेलन टाइम है आजीवन

खेलें पवन कली न भ्रमर यदि
हो कैसे संजीवित मधुबन

सज्जन कहे सियासत खुद को
बचिए! बिना सिया-सत दुर्जन

बुंदेली वंदना

सारद माँ
गीत रूपांतरण

सारद माँ! परनाम हमाओ।
नैया पार लगा दे रे।।
मूढ़ मगज कछु सीख नें पाओ।
तन्नक सीख सिखा दे रे।।

माई! बिराजीं जा परबत पै।
मैं कैसउ चढ़ पाऊँ ना।।
माई! बिराजीं स्याम सिला मा।
मैं मूरत गढ़ पाऊँ ना।।
ध्यान धरूँ आ दरसन देओ।
सुन्दर छबि दिखला दे रे।।
सारद माँ! परनाम हमाओ।
नैया पार लगा दे रे।।

मैया आखर मा पधराई।
मैं पोथी पढ़ पाऊँ ना।
मन मंदिर मा माँ पधराओ
तबआगे बढ़ पाऊँ ना।।
थाम अँगुरिया राह दिखाखें ।
मंज़िल तक पहुँचा दे रे।।
सारद माँ! परनाम हमाओ।
नैया पार लगा दे रे।।

महाकुंभ ( मुक्तक )


नहा रहे जितने जन उतने, पौधे रोपें महाकुंभ में।
स्वच्छ करें सब सब नदियों को, तट कर ऊँचे महाकुंभ में।।
वन कुंजों में कलकल-कलरव सुनने सभी देवता आएँ-
भक्ति करें निष्काम भाव से, आँखें मीचे महाकुंभ में।।

पूज नर्मदा कृष्णा गंगा कावेरी झेलम क्षिप्रा नित।
ब्रह्मपुत्र सरयू साबरमती अरपा यमुना चंबल प्रमुदित।।
महाकुंभ हो गाँव-गाँव में, जलस्रोतों की करें सफाई-
तीर्थराज हो देश समूचा, पर्यावरण प्रकृति कर रक्षित।।

नर्मदा ( पूर्णिका )

कल-कल कल-कल बहो नर्मदा।
निर्मल-निश्छल रहो नर्मदा।।
.
कल्प-कल्प नव संरचना कर
युग-परिवर्तन गहो नर्मदा।।
.
लहर-लहर ओंकार सुनाओ
हहर-हहर सच कहो नर्मदा।।
.
शोण-जोहिला, विंध्य त्रिपुर को
मिटते देख न ढहो नर्मदा।।
.
इस तट गौरा, उस तट बौरा
प्रणय-कथाएँ तहो नर्मदा।।
.
जीवन दाता गुफा-सघन वन
असत-अनीति न सहो नर्मदा।।
.
मन मंदिर आ संजीवित कर
प्राण अग्नि बन दहो नर्मदा।।

कुंभ


तुम नहीं हो चाँद, तुम तो सूर्य हो।
श्वास है रणक्षेत्र, आशा-तूर्य हो।
मत चमकना दूसरों से ले उजास।
आत्म-दीपक ज्योति जग को दे प्रकाश।
ठोकरों से मिल गले पग हँस पड़े।
देख कोशिश शर्म से बाधा गड़े।
वास्तव में ‘श्री’ उसी के पास है
जिसे विष-अणु ग्राह्य, लब पर हास है।
नहीं तनुजा तन निबल, मन सबल है
कीच में भी मुस्कुराता कमल है।
धार दो हैं श्वास और प्रयास की
तीसरी दिखती नहीं जो आस की।
बहें तीनों अनवरत जहँ कुंभ हैं।
हैं हताशा-निराशा दो राक्षस
मारिए वे ही तो शुंभ-निशुंभ हैं।
याद कर रोना, न मानें प्यार है।
प्यार खोकर भी न खोना, प्यार है।
जो निरंतर बहे नर्मद-धार है।
जो न टूटे-ढहे वह पतवार है।
याद जो आए वही मझधार है।
बने संबल नाव जो वह प्यार है।
जय-पराजय दो तटों के मध्य में,
करे कोशिश स्नान धारा साध्य में।
देह तज संदेह, निष्ठा आत्म है।
धरा-नभ ही प्रकृति अरु परमात्म है।
कुंभ सारी सृष्टि है सच जान लो।
हो न पौरुष म्लान मन में ठान लो।
समुद मंथन हो रहा पल-पल सदा।
अमिय-विष दोनों मिलें जब जो बदा।
विकल्प अरु संकल्प छाया-धूप सम।
मिलें-बिछुड़ें पथिक मत कर आँख नम।
कहे कुंभज कुंभ हो जब लबालब।
मत भ्रमित हो, उसे देना उलट तब।
रहे रीता जो वही भरता रहे।
जो भरा उसको कदापि न कुछ मिले।
राय-गढ़ में स्नेह का हो द्वार जब
कल्पतरु विश्वास का दे छाँव जब
वृत्ति सरला करे संगम स्नान तब
सफल हो हर साधना-अरमान तब।
कुंभ पल-पल ज़िंदगी में हो रहा।
त्रास अमृत-स्नान का सुख खो रहा।
आस सह विश्वास को ले साथ जो
वही मन में नवाना नित बो रहा।

विनय


जवाकुसुम चुन लाए गलहार करो माँ!
चुन चुन फूल चढ़ाए स्वीकार करो माँ!!

चरण कमल पद तल रतनारे
चरण धूलि भव सागर तारे
करतल दें आशीष सुतों को
अरि का मस्तक लपक उतारे
गुड़हल सुमन सुहाए स्वीकार करो माँ!
जवाकुसुम चुन लाए स्वीकार करो माँ!!

जिह्वा-अधर लालिमा मोहे
नयन ज्योत तम हरे विमोहे,
सलिल करे अभिषेक हमेशा
हो संजीव तुम्हें भज खोए
नव जासौन लुभाए, सिंगार करो माँ!
जवाकुसुम चुन लाए स्वीकार करो माँ!!

पलाशी शारद वंदना

( पलाश के १७ नाम सहित )

शारद! लिए पलाश आए हम, माँ सिंगार करो।

किंशुक कुसुम लगा वेणी में, भव-भय पीर हरो।।

करधन टेसू, कंगन छेवला, पायल सजे समिद्धर।

कौसुंबी कंचुकी, हरित आँचल स्वीकार करो।।

धारण कर गलहार त्रिपर्णी, बाले पहन सुपर्णी।

माते! बीजस्नेह दे संतति का उद्धार करो।।

करक ब्रह्मपादप पोरासू पलसु पिलासु पुतद्रु,

पालोशी पांगोंग लिए हम हँस उपहार वरो।।

अनुपम छवि रस रूप मनोहर स्वर व्यंजन मतिमय लख।

जीव सभी संजीव हो सकें, मातु! सलिल सह विचरो।।

क्या? ( पूर्णिका )


मैं कोशिश तुम फल हो क्या?
बीता-आता कल हो क्या?

वादा करके निभा रहे
बोलो तो पागल हो क्या?

रौंद रहे हो लोगों को
दहशतगर्दी खल हो क्या?

चीन्ह चीन्ह किरपा करते
सत्ताधारी दल हो क्या?

चाहो जब तब बेल मिले
राम-रहीम सफल हो क्या?

भौंक रहे हो टी वी पर
सारमेय के दल हो क्या?

कथनी-करनी में अंतर
तुम शकुनी के छल हो क्या?

हे नारी!

हे नारी!
हो आद्य सुमन तुम,
सुरभित करतीं सृष्टि सकल।
आद्य शक्ति हो,
ध्वनि-तरंग, लय से,
रचना नित करो नवल।
कर्दम को,
शतदल कर घोलो
श्वास-श्वास में नव परिमल।
त्रास-हास में
समभावी हो
रास-लास सृजतीं पल-पल।
तुम गौरी
काली कंकाली
कल-अब-कल की हो कल-कल।
तुम ही
भोग-भोग्या-भोजक
चंचल तुम्हीं, तुम्हीं निश्चल।
साध्य-साधना
साधक तुम ही,
तुम्हीं कलुष, तुम हो निर्मल।
सरला विमला
अमला तरला
वाष्प तुम्हीं हिम तुम्हीं सलिल।
पूजा पूजक
पूज्य तुम्हीं हो
तुम ही अमृत, तुम्हीं गरल।
तीन लोक में
दसों दिशा में
तुम ही निर्बल, तुम्हीं सबल।।
प्रात प्रार्थना,
संध्या वंदन,
निशा-गान हो, तुम अविकल।
प्रणति तुम्हें है
हे नर संगिनी!
तुमसे कुटिया राजमहल।

संजीव सलिल

यह भी पढ़ें:-

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *