phaltoo

फालतू की राय

“पिताजी, मैं ग्रीन सिटी के बराबर में जहाँ पर प्लॉटिंग हो रही है, वहाँ एक प्लॉट लेना चाहता हूँ। आपकी इस बारे में क्या राय है? क्या मेरा वहाँ प्लॉट लेना ठीक रहेगा?”
मोहित ने अपने एडवोकेट पिता नरेश जी के ऑफिस में घुसते हुए पूछा।

“ठीक है। ले लो। कोई दिक्कत नहीं।”
अपने वकील मित्र राजेश के साथ ऑफिस का कुछ जरूरी काम निपटाते हुए राजेश ने कहा। पिताजी से सहमति लेकर मोहित खुशी-खुशी उनके ऑफिस से बाहर निकल गया। अब राजेश ने नरेश से पूछा-

“तुमने अपने बेटे को ग्रीन सिटी के बराबर में प्लॉट खरीदने के लिए सहमति कैसे दे दी? क्या तुम नहीं जानते कि वह जगह विवादित है? हमारे पास ही तो उस जगह का मुकदमा चल रहा है। वहाँ पर रुपये निवेश करना निश्चित ही नुकसान का सौदा हो सकता है।”

“हाँ, मुझे सब पता है।”

“फिर तुमने ऐसा क्यों किया? मोहित को वहाँ प्लॉट लेने को मना क्यों ना किया? आपको उसको, वहाँ निवेश न करने के लिए सावधान करना चाहिए था।” आश्चर्य जताते हुए राजेश ने कहा।

“भाई तेरी बातें सब सही हैं, लेकिन मुझसे ज्यादा मोहित को कोई नहीं जानता। वह मेरा बेटा है। तुमने सुना…. उसने आते ही मुझसे, सबसे पहले क्या कहा? यही कहा ना…. कि वह वहाँ एक प्लॉट लेना चाहता है।

फिर इसके बाद उसने मेरी राय पूछी। इसका मतलब यह है कि वह वहाँ पहले ही प्लॉट खरीद चुका है या वहाँ प्लॉट खरीदने का निर्णय कर चुका है। बस अपनी संतुष्टि के लिए और मुझे वहाँ प्लॉट खरीदने की सूचना देने के लिए यहाँ आया था। उसको मेरी राय से कोई लेना-देना नहीं है।

जब हम किसी चीज के बारे में पहले से ही फैसला ले लेते हैं तो उसके बाद किसी की भी राय का कोई औचित्य नहीं बनता। मोहित पहले भी बहुत बार ऐसा कर चुका है। वह सिर्फ अपनी चलाता है।

मुझे अपना दुश्मन समझता है। आज तक वह मेरी सलाह को कभी अमल में नहीं लाया। अगर वह सच में मुझे मान देना चाहता है तो मेरा कहना उसको बहुत पहले ही मान लेना चाहिए था, लेकिन हर बार उसने यही किया।

मेरी कोई बात न मानी, हर बार अपनी चलाई और नुकसान उठाया। इसलिए मुझे उसे किसी भी मामले में राय देना सही नहीं लगता।

अब वह जो भी कहता है, उस पर अपनी सहमति देकर बात खत्म कर लेता हूँ क्योंकि मुझे पता है कि उसने आज तक सिर्फ मेरी सलाह ली ही है लेकिन अमल नहीं किया और सिर्फ अपनी ही चलाई है तो इस बार वह मेरी सुनेगा क्यों?

मैं उसको प्लॉट खरीदने को मना कर भी दूँ तो भी वह मेरी एक न सुनेगा। यही बोलेगा कि वहाँ सस्ता मिल रहा है। इसलिए जो व्यक्ति आपकी बातों की, भावनाओं की कद्र ना करे, वहाँ अपनी अनमोल, उचित सलाह देना उचित नहीं होता। यह मेरा मानना है।”

नरेश ने आगे बोलते हुए कहा-

“मानता हूँ कि सोच समझकर निर्णय लेना अच्छी बात होती है। कहा भी गया है कि सुनो सबकी, करो अपने मन की। लेकिन जहाँ मां-बाप, भाई-बहन, गुरु, दोस्त होते हैं… जिनको हम अपना मानते हैं। अगर वहाँ हम कोई राय लेने जाते हैं तो पहले से दिलो-दिमाग में कोई बात या कोई निर्णय लेकर नहीं जाना चाहिए और ना ही कोई फैसला पहले से करके जाना चाहिए। यदि आप पहले से ही अपने दिमाग में फिट अपने निर्णय पर कायम रहोगे तो फिर उनकी राय का कोई औचित्य ना रहेगा।

अपने शुभचिंतकों की बातों का, सलाह का मान रखना बेहद आवश्यक है, क्योंकि ये लोग हमारे दुश्मन नहीं होते। ये हमेशा आपको सच्ची सलाह ही देंगे, जो हमारे लिए हितकारी होगी।

अगर सिर्फ आप फॉर्मेलिटी के लिए ही राय लेना चाहते हैं तो यह बहुत गलत बात है। मुझे अपने बेटे का पता है कि वह सिर्फ फॉर्मेलिटी के लिए लिए ही मेरे पास आया था। करना उसे वही है जो उसे करना है। इसलिए मैंने दो शब्दों में अपनी बात खत्म कर दी। अब बता, मैंनें कुछ गलत किया?”

राजेश बोले-
“नहीं मित्र। तूने बिल्कुल भी गलत नहीं किया। तेरी कहानी से मुझे भी एक सीख मिली है कि मुफ्त में अपनी बेशकीमती राय उनको मत दो, जो हमारा कहना नहीं मानते। उनको उनके हाल पर छोड़ देना ही उचित है।”

लेखक:- डॉ० भूपेंद्र सिंह, अमरोहा

यह भी पढ़ें :-

Similar Posts

  • निशाना

    तीव्र बुद्धि की सानिया एक गरीब लड़की थी। वह कक्षा 5 में पढ़ती थी। उसको जो भी सिखाओ या पढ़ाओ वह तुरंत सीख जाती थी और याद कर लेती थी। उसकी मैडम संध्या उसको बहुत प्यार करती थी। सानिया के पिता मजदूरी करते थे। पिछले 6 माह से सानिया विद्यालय बेहद कम आने लगी थी…

  • पेपर आउट

    सुबह के समय टहलते हुए एक दिन सोहन अपने मित्र मोहन से टकरा गया। सोहन ने मोहन से उसकी पारिवारिक कुशलक्षेम पता करने के बाद पूछा- “मोहन भाई, आपके बेटे कृष्णा का नीट एग्जाम का रिजल्ट का क्या हुआ? उसका तो नंबर आ गया होगा?” “क्या कहूँ, भाई? उसकी तो किस्मत ही खराब है।” “क्यों?…

  • |

    पुनर्विवाह | Punar vivaah film script

    एक लड़की, पलक | अमृतसर मे, अच्छे जीवनसाथी पाने के लिए माथा टेक रही है, तभी पीछे दो लड़के अलग-अलग शहरों से आये (1>पवन {अनाथ अमीर,बिजनेश}) और (2> पुनीत {मिडिल परिवार,जॉब}) पलक के अगल-बगल बैठ माथा टेक, अपने घर की सुख-शांती और सुन्दर सुशील जीवन साथी की कामना की दर्शन कर पलटे, तो पलक को…

  • नाग पंचमी लघुकथा | Nag Panchami Laghukatha

    एक बार एक सांप गिरजाघर में चला गया और वहां लोगों ने उसे देखा तो भगदड़ मच गयी। किसी प्रकार से वह अपनी जान बचाकर एक बिल में घुस गया। वह बहुत डर गया था। एक दिन वह फिर बाहर निकला तो वह एक मस्जिद में घुस गया। लोगों ने जब देखा तो उसे खदेड़…

  • अंतर्द्वंद्व

    1996 की बात है। 12 वर्षीय मानव के घर पर गांव से उसके चाचा-चाची जी आये। चाची को समोसे बहुत पसंद थे। चाची ने आते ही समोसे खाने की अपनी इच्छा जाहिर की और बोली, “मुझे चेतराम के यहां के समोसे खाने हैं। बहुत दिनों से यहां आने की सोच रही थी, आज आई हूं…

  • निकम्मा | Nikamma

    उसे सभी निकम्मा कहते थे। वैसे वह 15 — 16 साल का हो चुका था लेकिन उसका मन पढ़ने लिखने में नहीं लगता था । यही कारण था कि कई कई बार तो वह फेल होने से बच गया। उसे नहीं समझ में आ रहा था कि आखिर कैसे पढ़ाई करू कि जो मुझे लोग…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *