sushil bajpai

सुशील चन्द्र बाजपेयी की कविताएं | Sushil Chandra Bajpai Poetry

आकांक्षा

ये भी कर लूं वो भी कर लूं,
आकांक्षाएं अनगिन पाली।
उधर नियति का क्रूर चक्र है,
कोई बजा रहा है ताली।

कर्मकाल सब है निश्चित फिर,
जो भी करना, लग, कर जाओ।
फल तो ऊपर वाला जाने,
बस अपना कर्तव्य निभाओ।

फिर भी याद रहे बस इतना,
दिल ना दुखे किसी का भाई।
ऐसा कोई काम करो ना…
दिख जाए प्रभु की प्रभुताई।

वे भी तो अपनी आकांक्षाएं,
तुमसे ही हैं पूरित करते।
अपने कामों को करने के
लिये दूसरों को ही चुनते।

जो अवगुण पाले ही रहते,
प्रभु भी दूर उन्हीं से भगते।
ऐसे जीव, बिना उनके फिर,
आजीवन भगते ही रहते।

कुछ ऐसा कर जाओ धरा पर,
स्वर्ग बैठ पुरखे मुस्काएं।
दें आशीष सदा ऊपर से,
बिगड़े काम सकल बनवाएं।

आकांक्षा

ये भी कर लूं वो भी कर लूं, आकांक्षाएं अनगिन पाली।
उधर नियति का क्रूर चक्र है, कोई बजा रहा है ताली।

कर्मकाल सब है निश्चित फिर, जो भी करना, लग कर जाओ।
फल तो ऊपर वाला जाने, बस अपना कर्तव्य निभाओ।

फिर भी याद रहे बस इतना, दिल ना दुखे किसी का भाई।
ऐसा कोई काम करो ना, दिख जाए प्रभु की प्रभुताई।

वे भी तो अपनी आकांक्षाएं, तुमसे ही है पूरित करते।
अपने कामों को करने के लिये दूसरों को ही चुनते।

जो अवगुण पाले ही रहते, प्रभु भी दूर उन्हीं से भगते।
ऐसे जीव बिना उनके ही, आजीवन भगते ही रहते।

कुछ ऐसा कर जाओ धरा पर, स्वर्ग बैठ पुरखे मुस्काएं।
दें आशीष सदा ऊपर से, बिगड़े काम सकल बनवाएं।

मेरे भव-संताप मिटाएं

जग से कोई आश नहीं है,
पर तुमसे पूरी आशाएं।
भावों को भाषित करने में,
कब समर्थ होती भाषाएं।

जन्मांतर के कर्म भार से,
डगमग चलती जीवन नैया।
भवसागर की अनंतता में,
एकमात्र हो तुम्हीं खेवैया।
सदा सुरक्षित ही रहती,
पतवार तुम्हारे हाथों में।
पार न होगी बिना तुम्हारे,
व्यर्थ तात सुत भगिनी मैया।

कृपा करें सुन विनय हमारी,
आकर तरणी पार लगा दें।
अथवा यही बता दें आकर,
किसकी और शरण में जायें।

कोई पुण्य प्रताप नहीं है,
भारी भरी मलिनता मन में।
सदा भुलाता रहा तुम्हें मैं,
भूला रह कर अपनेपन में।
भ्रमित सदा करती आई है,
जग-प्रपंच की माया नगरी।
अब प्रभु करो कृपा कुछ ऐसी
चिंतन चले सदा ही मन में।

तुम हो परम दयालु सदा से,
सुनी बहुत सी हैं गाथाएं।
मेरी भी पुकार पर आकर,
मेरे भव – संताप मिटाएं।

बचपन ( बालगीत )

आओ बच्चों तुम्हें सुनाएं,
बचपन की गाथाएं।
ऐसी कथा जिसे तुम अब तक
कभी नहीं सुन पाए।

एक गांव का छोटा बच्चा,
गया चराने बकरी।
एक खेत से खेत दूसरे,
दौड़ रही थी लोखरी।

बालक वही खेत में अपने,
बैठा चढ़कर एक मचान।
नमक लगाकर ककड़ी खाता,
लगता है सबसे अनजान।

है मक्के की फसल, लगे हैं,
जगह जगह पर भुट्टे।
चिड़ियों को है भगा रहा वह,
पीट कनस्तर डंडे।

मूंगफली के खेत में पहुंचा,
लेकर जल भर ‌ लोटा।
फ़ारिग हो कड़कोली फलियां,
भर घर लाया लोटा।

वर्षा हुई पनाले उफ़ने,
बन गई कागज नैया।
सरपट वायु वेग से दौड़े,
कोई नहीं खेवैया।

दूर खड़ा हो देखे बुलकू,
मधुर मधुर मुसकाए।
नैया में उसके हैं सपने,
आशा दीप जलाए।

नैया डूबी तभी रुबीना,
ताली खूब बजाये।
बुलकू भैया देख रहे पर
उन्हें पसीना आये।

सुबह सवेरे दादी अम्मा,
खम्भे बांध मथानी।
हल्लर मल्लर दही बिलोएं,
घी की यही कहानी।

नैनू निकले, मोटी मोटी,
चढ़ मक्के की रोटी।
धनिया लहसुन मिर्च नमक के,
साथ कलेवा मुनिया छोटी।

दोपहरी में मटरू चाचा,
खींच फर्श पर इक सिरबग्घी।
खेल रहे उनके संग छुटकू,
नहीं लग रही उनकी लग्गी।

रोज रात को भग्गा बढ़ई,
देव, दैत्य, जादूगर वाली।
मुझे सुनाते नई कहानी।
परियों उड़नखटोले वाली।

आज याद करता हूं उनको,
किस्सागो के महारथी थे।
वैसे कथाकार है मिलना,
मुश्किल है बीसवीं सदी में।

कथा कहानी सुनते सुनते,
सो जाता जब उन्हीं साथ में।
तब बाबा जी ले आते थे,
सो जाता दादी के साथ मैं।

सावन में विरह वेदना

सावन में प्रिय दूर न मुझसे।
दिल में मेरे ही रहते हैं,
हरदम है मेरा दिल सरसे।

लीन रहूं गौरी पति सेवा,
काम नहीं है कोई दूजा।
किसी अन्य हित समय नहीं है,
नित आराधन उनकी पूजा।

शिव जी के प्रतिरूप वही हैं,
भले दूर, पर मन ना तरसे।
सावन में प्रिय दूर न मुझसे।

विरह भाव व्यापे ना मन में,
सराबोर शिव ही में रमता।
कुछ पल छिन में कभी कभी तो,
व्याप्त रही है क्षण भंगुरता।

गौरी के चरणों में आकर,
हुमक हुमक कर हियरा हर्षे।
सावन में प्रिय दूर न मुझसे।

गंगाजल से भरी गगरिया,
कांवर ले कर गये संवरिया।
नेक काम से घर से निकले,
क्यों मैं बन जाऊं बावरिया।

लौटें, पगतल के छालों को
चूम, चरणरज सिर पर‌ बरसे।
सावन में प्रिय दूर न मुझसे।

चित्र अभिव्यक्ति अंगुलिछाप

अंगुलि रेखाओं में अंकित,
शंख चक्र का फेर।
इस जीवन का खेल लिखा है,
भले लगे कुछ देर।

दस अंगुलि में शंख छपे तो,
समझो मन को जोगी।
दसों चक्र की छाप बताती,
राजपाठ का भोगी।

तब तो निश्चित राजेश्वर के,
साथ रहे इक रानी।
दोनों मिलकर ही रच देंगें,
अद्भुत प्रेम कहानी।

यश वैभव से पूरित जीवन,
अमिट प्रेम का साथ।
प्रेमिल और सुखद जीवन हो,
लिये हाथ में हाथ।

दोनों मिलकर सृजित करेंगे,
अभिनव आभालोक।
सूर्यरश्मियां करें प्रकाशित,
लोक और परलोक।

सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।

वर्षा हुई मगन मन नाचे,
ज्यों वन नाचै मोर।
सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।

आवे याद बलम परदेसिया,
हियवा उठत हिलोर।
साथ अगर वह भी होते पर
नहीं किसी का जोर।

तड़प तड़प कर चपला चमकै,
डरपत है मन मोर।
धक धक कर के धड़कै हियरा,
जिसका ओर न छोर।
सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।

बहुत दिनन के बाद बदरिया,
रिमझम रिमझम बरसी।
विरही मन ले इत उत गोरी,
हलर मलर कर बहकी।

कहत भई इंगित कर बदरा,
जइयो जब उस ओर।
कहियो मोरे बलमा से ही,
अइहैं तिसरी भोर।
सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।

सावन तो अब आय गवा है,
धान रोपने है अब।
मतलब भर का पानी हुइगा,
करत तयारी हैं सब।

पड़ी कलेजे में अब ठंडक,
का पंछी का ढोर।
रस बरसैंहैं हमरे आंगन,
आय सजनवां मोर।
सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।

पिछले सावन पीहर में जब,
सखियन संग थी झूली।
याद आती है उनके संग की,
रसवंती वो ठिठोली।

याद आता है रक्षा बंधन,
भाइन का वो टिकोर।
पता नहीं जा पाऊंगी या,
उइ अइहैं इस ओर।
सखी री, घन बरसैं चहुं ओर।


बादल बादल आओ ना

( बालगीत )

कब से देख रहा एकाकी।
दूर कहीं पर बदली काकी।
जब आईं कुछ नियरे नियरे।
उसमें देखी लहरें लहरें।

काकी के हाथों में तकली।
तकली से वह सपने बुनती।
दूर कहीं पर बादल भैया।
साथ साथ थी उसकी मैया।

बादल भैया थे कजरारे।
जैसे अपने श्याम दुलारे।
बादल भैया आओ ना।
संग में बादल लाओ ना।

बरस बरस हर्षाओ ना।
सब की प्यास बुझाओ ना।
कृषक बन्धु कर रहे प्रतीक्षा।
पूर्ण करो उनकी भी इच्छा।

स्वागत में तत्पर कोयलिया।
बेगानी हो गई बवरिया।
तभी रुक गईं तेज हवाएं।
छाई नभ घनघोर घटाएं।

धरा, पेड़-पौधे मुसकाए।
मोरों ने भी पर फैलाए।
मेघा झम झम करके बरसे।
सबके तन मन हर्षे सरसे।

विधवा स्त्री

जब विधर्मियों के डर से,
विधवाएं हो जाती सती।
अब नहीं विषमय समय है,
लद गये अब वो जमाने।

अब न जाने कितने किस्से,
पता ना किस किस के हिस्से।
भले वे अपवाद ही हों,
तैरते कुछ हैं अफसाने।

देखीं मैंने हैं विधवाएं,
शोक से छाई मलिनता।
कोख से पैदा हुये जो,
उनके संग लगती मुस्काने।

नौ महीने गर्भ में रखा जिन्हें,
है उन्हीं संग गहरा नाता।
मालकिन रहती हैं घर की,
सब खड़े उनको मनाने।

शक्ति की वे पुंज हैं,
गार्हस्थ्य की अच्छी समझ।
जानतीं आवागमन को,
जिसमें ना कोई बहाने।

पुरुष रहता उनके आश्रित,
जब विधुर होता कभी।
रूठती है उसकी दुनिया,
चित हुआ वो चारों खाने।

हैं सबल ही स्त्रियां जो
झेलती दु:ख का पहाड़।
रहें सधवा या कि विधवा,
शौर्य उनके अनबखाने।

बारिश में मस्ती

सखी री, घन बरसें चहुं ओर।

छाय रही बारिश की मस्ती,
गांव शहर हर ओर।
वर्षा हुई मगन मन नाचे,
ज्यों वन नाचे मोर।
सखी री, घन बरसे चहुं ओर।

आवे याद बलम परदेसिया,
हियवा उठत हिलोर।
साथ अगर वह भी होते पर
नहीं किसी का जोर।

तड़प तड़प कर चपला चमके,
डरपत है मन मोर।
धक धक कर के धड़के हियरा,
जिसका ओर न छोर।
सखी री, घन बरसें चहुं ओर।

बहुत दिनन के बाद बदरिया,
झम झम करके बरसी।
विरही मन ले इत उत गोरी,
हलर मलर कर बहकी।

कहत भई इंगित कर बदरा,
जइयो जब उस ओर।
कहियो मोरे बलमा से ही,
अइहैं तिसरी भोर।
सखी री, घन बरसे चहुं ओर।

सावन है अब आने वाला,
धान रोपने है अब।
मतलब भर का पानी हुइगा,
करत तयारी हैं सब।

पड़ी कलेजे में अब ठंडक,
का पंछी का ढोर।
रस बरसैंहैं हमरे आंगन,
आय सजनवां मोर।
सखी री, घन बरसे चहुं ओर।

बारिश की मस्ती में सारे,
गांव नगर की बस्ती।
बप्पा के मन जोश जगा है,
मां नैनन से हंसती।

बालक वृन्द मगन बारिश में,
जित देखो तित शोर।
कागज नइया बैठ चला मन,
परी देश की ओर।
सखी री, घन बरसत चहुं ओर।

इंद्रेश‌ बरस जाओ

हे इंद्रेश‌! बरस भी जाओ।

गर्मी की इंतेहा हो गई,
व्याकुल हैं पशु पक्षी भी।
जंगल जंगल आग लगी है,
परेशान हैं आरक्षी भी।

नीर बहाकर इस धरती की,
कुछ तो प्यास बुझाओ।
हे इंद्रेश! बरस भी जाओ।

माना, बिगड़ा प्रकृति संतुलन,
होड़ लगी आग्नेयास्त्रों की।
लेकिन दोष नहीं जनता का,
तप व पठन करती शास्त्रों की।

भारत पुत्र सनातनधर्मी,
इन पर अब करुणा बरसाओ।
हे इंद्रेश! बरस भी जाओ।

हरित क्रांति धरती पर लाओ,
नदियां पोखर सब भर जायें।
चढ़ परवान थाप ढोलक की,
जन मन रंजक उत्सव लाये।

किंकिन स्वर में बजे मंजीरे,
नृत्य देखने तुम भी आओ।
हे इंद्रेश! बरस भी जाओ।

मधुर मदिर पुरवइया डोले,
कोकिल कुहू कुहू कर बोले।
मह मह महके वसुंधरा भी,
प्राणों में यौवन रस घोले।

तुम तो हो देवों के राजा,
संग सारे देवन को लाओ।
हे इंद्रेश! बरस भी जाओ।

माफ़ करना

रहते तो तुम भारत में ही,
लेकिन क्या तुमको है पता।
भारत के हर गांव नगर में,
सावित्री सम हैं पतिव्रता।

पूरा जीवन होम कर दिया,
संघर्षों की ज्वाला में।
चेहरों पर मुस्कान सजातीं,
रहती अंसुवन नाला में।

अश्कों की सौगात मिली जो,
यह है जीवन की थाती।
विधना ने जो लेख लिखा,
उसकी साकारित पाती।

कभी कभी ऐसा होता,
होती संझवतिया तूं-तड़ाक।
एक नशीला झगड़ा घर में,
पिन-पिन,चीं-चीं,भों-भों, चटाक।

मन में पीड़ा नयनों में अश्क,
पर सातों वचन निभाने को।
है सावित्री मजबूर खट रही,
पातिवृत्य निभाने को।

माफ़ करना, देखता रहता यही,
दी नशे ने अश्कों की बारात ही।
ब्याह, सजना संग मिली यह,
सौत है निर्लज्ज सी सौगात भी।

भारती का कर्ज है नेतृत्व पर,
पतिव्रताएं क्यों चुकाएं।
बंद हो कैसे नशे का कारबार,
आके इनके सामने वो ही बताएं।

गुरु चरणों में…

आओ! गुरु चरणों में बैठें,
ले लें कुछ जीवन की शिक्षा।
आसानी से पास कर सकें,
जीवनपथ की कठिन‌ परीक्षा।

गुरु के चरणों में बैठो तो,
पाठ पढ़ो सुखदाई।
निकृष्ट कर्म से दूर रहोगे,
भलमनसाहत आई।

स्कूलों काॅलेजों में तो
बैठे हो आमने सामने।
इसीलिये जब मिले कष्ट तो,
गुरु ना आते तुम्हें थामने।

लेकिन गुरु चरणों में होते,
आभामण्डल है मिल जाते।
उनकी आभा सदा साथ में,
रोग दोष सारे टल जाते।

एक स्वस्थ परिवेश रहा है,
चाहे गुरु या मन्दिर परिसर।
यदि बढ़िया जीवन जीना हो,
गोते तुरत लगाओ जाकर।

कण्टकमय जीवन है सबका,
ढेरों रहतीं अनगिन इच्छा।
बतला सकते, गुरु जी ही तो,
बुरा है क्या औ क्या है अच्छा।

गुस्से में सूरज

गुस्से में हैं सूरज दादा,
अजब गजब भीषण गर्मी।
हैं हमसे नाराज़ बहुत ही,
रही नहीं कोई नर्मी।

रोज़ आग बरसाते रहते
होकर बेहद बेदर्दी।
लू भी चलती गर्म हवा है,
साथ लिये अंधड़ गर्दी।

लेकिन क्या यह है स्वाभाविक,
चिन्तन हमको करना है।
हम करते क्या रहे अभी तक,
मंथन हमको करना है।

नैसर्गिकता में छेड़छाड़ से
प्रकृति संतुलन बिगड़ा है।
निहित स्वार्थ के कारण खंडित,
भीषणतम यह लफड़ा है।

दोहन, दोहन बस दोहन है,
धरती, वन, पशु नहीं अछूते।
अंकुश खुदी लगाना खुद पर,
इन सबकी पीड़ा को छूते।

सम्हले नहीं अभी भी यदि हम,
आगे गुस्सा और बढ़ेगा।
सूर्यवंश पर, पिता सूर्य का,
कोप और भी अधिक चढ़ेगा।

फसल जलेगी खेतों में ही,
अन्न नहीं घर ला पाओगे।
पशुओं संग तुम अपने घर में,
बिना अन्न के मर जाओगे।

चाहे जितनी बात बड़ी हो,
लेते हो तुम हल्के में ही।
लाख भले तुमको समझाये,
बुद्धू हो तुम बहुत बड़े ही।

जब तक जले तुम्हारा घर ना,
जूं ना रेंगें तोहरे कान।
तुम्हें पता है सब कारण का,
फिर भी रहते हो अनजान।

भैंस के आगे बीन बजाना,
नहीं‌ रोज़ होता है उचित।
वाज, अजा, गौ से फुर्ती ले,
दस-दस वृक्ष लगाना समुचित।

मां

मां तो बस मां ही होती है,
जिसका नहीं विकल्प।
संतति का प्रेरक बन आता,
उसका ही संकल्प।

नौ माहों तक पालन-पोषण,
करती है निज रक्त से।
इसी लिये जीवन भर उसके,
बने रहो, हो भक्त ‌ से।

उसके इंगित जीना मरना,
है कर्तव्य तुम्हारा।
रहो नीर से शान्त, या कभी,
बन जाओ अंगारा।

धरती माता तुम्हें पुकारे,
शत्रु दंत हो खट़टे।
भारत मां की रज में लोटे,
हो उसके ही पट्ठे।

सिंदूरों को मिटा जिन्होंने,
आतंकित कर डाला।
नष्ट करो उन खबीसियों को,
बना मुंड की माला।

भारत की माताएं बहनें,
लिये आरती थाल।
युद्धक्षेत्र में तुम्हें भेजतीं,
कुंकुम देकर भाल।

सपने अधूरे, होंगे पूरे

अब तक जितने सपने देखे,
कुछ पूरे, कुछ रहे अधूरे।

दिन में काम रात को देखा,
बनते हुये संवरते सपने।
किन्तु सुबह निद्रा से जागा,
देखा तभी बिगड़ते सपने।

चाहे जितना काम करें हम,
मनवांछित निष्कर्ष न निकले,
इसका मतलब, कुछ गड़बड़ है,
जिससे सपने रहे अधूरे।

सपने मुझको पूरे करने
मेहनत से, जी नहीं चुराना।
मन से लग के एक लक्ष्य ले,
आलस छोड़ तुरत लग जाना।

केवल कर्म हमारे वश में,
फल तो ईश्वर ही देता है,
नियति चक्र चलता ही रहता,
कल निश्चित हों सपने पूरे

बाल अध्ययन

मानव जन्म लिया है यदि तो,
आवश्यक बच्चों की पढ़ाई।
धर्मग्यान के साथ आधुनिक
विषयों की भी रहे पढ़ाई।

अपने अपने संस्कारों की,
शिक्षा तो मिलती है घर में।
मात-पिता की जिम्मेदारी,
हों बच्चे संस्कारित घर में।

कुछ ऐसे शिक्षालय भी हैं,
मानव मानव भेद सिखाएं।
उन्हें बांटने के खातिर ही,
स्पेशल उनकी शिक्षाएं।

यह तो उचित नहीं है शिक्षा,
ऐसी शिक्षा करे विखंडित।
देश एकता को ही तोड़े,
ऐसी शिक्षा तो हरजाई।

सार्थक शिक्षा देने की है,
सभ्य देश की जिम्मेदारी।
एकरूपता नहीं देश में,
जनता सरकारों से हारी।

गरीब बच्चे, अमीर बच्चे,
शिक्षालय में भेद बड़ा है।
अंकुश कैसे लग पायेगा,
विपक्ष में, मजबूत धड़ा है।

मुमकिन नहीं दिखाई देता,
नेताओं ने खोदी खाई।
एकरूपता कब आयेगी,
कैसे सबकी एक पढ़ाई।

संवादहीनता

घर घर यह संवाद चला है,
घर में क्यों संवादहीनता।
असर सभी पर पड़ा इधर है,
है खतरे में मानवीयता।

अभिप्रेषण अंतराल बढ़ गया,
मोबाइल में गहन घुसे सब।
आपस में ही बात नहीं है,
भोजन करना साथ नहीं अब।

एक समय था एक साथ सब,
एक समय पर भोजन करते।
इसके बाद एकत्रित होकर,
थोड़ी सी तो गपशप करते।

हो जाती थीं सबकी अपने,
मन की बातें, दिल की बातें।
मन में पलने वाले सपनों,
कल, आज और कल की बातें।

किन्तु आज के भौतिक युग में,
जैसे सब हो रहे पराये।
अपनेपन से दूर हो रहे,
इसे देख सुन जी घबराये।

ऐसी भी क्या आपाधापी,
अपनों खातिर समय नहीं है।
मशीन ही यदि बने हुये हैं
समग्र उन्नति उदय नहीं है।

प्यार का बाज़ार

एक जमाना ऐसा भी था,
एक झलक बच्चों की लेकर
पिता और परिवार देख कर,
रिश्ते तय हो जाया करते।

ना देखा उसने प्रियतम को,
ना देखी इसने महबूबा,
सप्तपदी के बाद मिले जब
पहली नज़र में दिल दे बैठे।

वो रिश्ते आजीवन निभते,
बने एक दूजे के खातिर,
कोयल गाती पंचम स्वर में,
माह सभी मधुमास हो गये।

अब तो खिला पिला कर बकरे,
मंडी में जैसे ले जाकर,
मोल भाव करवाया जाता,
लगभग वैसे हाल बन गये।

अपने पैर खड़े हो जाएं,
इधर बाप ने करी प्रतीक्षा,
मोलभाव करने को आतुर,
प्यार बजरिया खोले बैठे।

उधर एक ही बिजनेस हब में,
प्यार सुलभ, परवान चढ़ गया,
दोनों की ही रज़ा हो गई,
मिलन बिना रोजाना तड़पें।

इक ब्लैंकेट में दावत महफ़िल,
ह्वाट्सएप पर मिल गई सूचना,
मात पिता भी मजबूरी में,
टुकुर टुकुर संदेश पढ़ रहे।

जब अद्धड़ होने की बारी,
तीस पार की दशक प्रतीक्षा,
करते जाहिल हिन्दू ही हैं,
मुसलमान इनसे तो अच्छे।

सरेबजार प्यार का अवसर,
देते हो तो तुम ही भाई,
देख सुसंस्कृत परिवारों को,
समय पूर्व ही कर दो रिश्ते।

प्रभु से ऊपर बड़ा नियंता
तुम्हीं समझते शायद खुद को,
पहुंचा देते निज संतति को,
जब यौवन घट लगे सूखने।

बहुत बड़े हो भौतिकवादी,
पाश्च्य संस्कृति के अनुगामी,
लौटो फिर से नाती-पोतों,
के विवाह जीवित कर लेते।

ऐसा क्यों होता है अक्सर

झूठे हो जाते हैं हावी,
सत्य दबा कुचला रहता है।
बेजुबान हो जाना पड़ता,
ऐसा क्यों होता है अक्सर?

सत्य हाल जो लिख के भेजा,
कोई समस्या सुलझाने को।
धूल फांकती चिट्ठी पत्री,
व्यस्त बहुत सरकारी अफसर।

युवा देश के खाली बैठे,
गले पड़ी बेरोजगारी,
रिक्त हाथ को काम नहीं है,
बीबी रोज़ लगाती नश्तर।

कैसे किससे व्यथा कहूं मैं?
नहीं कोई है सुनने वाला,
बीच सड़क पर ढोल बजाऊं,
या फिर फूटा हुआ कनस्तर।

किसी समस्या को ले करके,
नेता करते लीपापोती,
समाधान हित व्याकुल मनवा,
रहा देखता इधर या उधर।

बाजारों की दूकानें भी,
अब तो हैं वीरान हो रहीं,
आॅनलाइन है दुकानदारी,
पोर्टल का है पहला नम्बर।

इससे तो पहले था अच्छा,
आवश्यक चीजों का विनिमय,
आपस में सब कर लेते थे,
वहीं ले चलें फिर से लश्कर।

जीना चाहते हैं!

जीना किसे नहीं है भाता, हर कोई तो जीना चाहे।
पालित पोषित छोड़ कुरुचियां, जीवन सुखी बनाओ ना।

प्रकृति चेतना जागृत होती, ब्रह्मकाल में रोजाना।
ब्रह्ममुहूर्त में जग जाओ तो, इसका लाभ उठाओ ना।

ध्यान करो व्यायाम करो तो, प्राणवायु भी मिल जाये।
देर रात तक जाग जाग कर, स्वास्थ्य नष्ट कर पाओ ना।

अंतरांग को कार्य संपादन हेतु समय भरपूर मिले।
अच्छा होगा जल्दी सोकर, ब्रह्मकाल उठ जाओ ना।

हो आहार शुद्ध सात्विक, विहार में भी संतुलन।
जीवन जीना सीखो खुद भी, औरों को सिखलाओ ना।

फिर क्या जीवन स्वस्थ सुखद हो और संग सहकार मिले।
जन जीवन में जागे अभिरुचि, प्रेरक बन कर आओ ना।

देवी दुर्गा की महिमा

नव संवत्सर आया है फिर,
आये नवरात्रों के दिन।
माता के नौ रूपों का हम,
निशि दिन करते आराधन।

दुष्टों के संहार हेतु ही
विविध रूप निज धारे हैं।
क्लिष्ट भयानक रूप संग ही
सौम्य करुण भी धारे हैं।

मां दुर्गा के नौ रूपों का
अभिनव रूप निराला है।
कृपा वारि बरसाती गौरी
माता सबसे आला है।

माता तो मां ही होती है,
शिशुवत यदि हम बन जायें।
श्रद्धानत हो करें समर्पण,
सब सुख जीवन में पायें।

हरती हर संताप मातु,
अभिनव माया ऐसी रचती।
संतानों की सब आशायें,
मनवांछित हो कर फलतीं।

जगत्मातु ही इस जीवन में,
मां, बेटी, बहना बन आती।
पत्नी रूप उसी का होता,
सारे संसाधन कर जाती।

धरती पर ही स्वर्ग रचित हो,
सारे सुख आमोद प्रमोद।
मूर्खमण्डली समझ न पाती,
मातु कृपा से सुखद सुयोग।

इहलोक संवरता तो है ही,
उस पार न जाने क्या होगा?
हर हाल कृपा अपनी मां की,
जो भी होगा, अच्छा होगा।

धन्यवाद प्रभु!

धन्यवाद प्रभु! आभारी हूं,
जो आये निज गेह।
मेरा नहीं, तुम्हारा ही सब,
बरसाया जो स्नेह।

तमस हो गया नष्ट सभी,
मन में छाया उजियारा।
मन में अब विश्वास जगा है,
होऊंगा भव पारा।

अपना जो कर तुम्हें समर्पित,
होता चिन्ता मुक्त।
दर्शन मिला, आज लगता है,
पूर्ण हुआ जो भुक्त।

इच्छा मुक्त हो गया लगता,
अब आई है बारी।
चरण-कमल-सेवा में रख लो,
अब मैं शरण तुम्हारी।

हृदय कमल पर युगल चरण धर,
मुहुर मुहुर मुसकाओ।
राधेजू संग फिर से कोई,
अभिनव रास रचाओ।

जल ही जीवन है

क्या कभी सुना है तुमने भी,
जल हेतु छिड़ेंगे युद्ध कभी।
जल ही जीवन है जीवों का,
मानोगे तुम भी यही तभी।

बिगड़े सब कर्म तुम्हारे हैं,
बिगड़ा है प्रकृति संतुलन भी।
अति दोहन कर न पसीजे तुम,
धरती माता के क्रंदन से।

था शीश मुकुट हिमशिखरों का,
माता का, जो भी हुआ नष्ट।
कचरा फैलाया जगह जगह,
करके गौरव को नष्ट भ्रष्ट।

जल, पंचभूत का महाघटक,
संतुलन जब कभी बिगड़ेगा।
बूंदों बूंदों को तरसोगे,
जन जन आपस में झगड़ेगा।

होकर सचेत अब कम से कम,
आवश्यकता भर उपभोग करो।
जल बिन जीवन का नहीं योग,
जल संरक्षण के नये प्रयोग करो।

उम्मीदों का चिराग

जलाए रखना है उम्मीदों का चिराग,
देखना है मुझे आपका हौसला।

कुछ सयाने खड़े आपके सामने,
हौसला इतना खुद को समझते खुदा।

है समझ देखनी अक्ल भी देखनी,
खुद को समझा है किस अदद चूतिया।

जैसे सारी अकल है उन्हीं को मिली।
बरगलाते हैं जैसै कि कोई गधा।

थे पुरखे तुम्हारे तो बहके नहीं,
रहे हिलमिल सदा, भाईचारा बना।

क्या किसी ने बताया तुम्हें आजतक,
एक ही खून उनका तुम्हारा यहां।

है उम्मीद मुझको, कभी न कभी,
है बदल जायेगी यह विषैली फ़िज़ा।

भारत का परचम लहराएं

मिलकर अपना दम दिखलाएं।
भारत का परचम लहराएं।

खड़े अकेले कब से हो मायूसी ओढ़े,
इधर अकेले इंतज़ार करते हैं हम।
आओ! दोनों मिलें, पछाड़ें,
क्यों न सामने हो दस का दम।

दस ही क्यों? हम भीमपुत्र हैं,
जिनका दस सहस्त्र कुंजर बल।
लेकिन बजरंगी सम हमको,
पता नहीं है, अपना ही बल।

देखा नहीं! महाकुंभ में,
हमने अपना शौर्य दिखाया।
दुबई जा मेरे बच्चों ने,
भारत का परचम लहराया।

शक्ति बहुत है, लेकिन शायद,
अभिशापित हैं भारतवासी।
याद दिलाना पड़ता उनको,
तभी भागती गहन उदासी।

कभी अकेले किसी चने को,
भाड़ फोड़ते देखा तुमने।
आओ अब दोनों ही मिलके,
भाग्य मिलायें अपने अपने।

फिर तो क्रान्ति घटित ही होगी,
दो शरीर पर प्राण एक जब।
धमाचौकड़ी मच जाये तब,
सारी दुनिया देखे करतब।

राम कृष्ण शिव अवतारों की,
यह पावन धरती है मेरी।
एक बार फिर से बजनी है,
सत्य सनातन की रणभेरी।

पुनः उल्लसित हो मिलजुल कर,
आओ मिलकर अर्ध्य चढ़ायें।
बुद्धि विवेक शौर्य के बल पर,
माता का डंका बजवाएं।

कल तेरा है

क्यों बैठे हो मुंह लटकाये,
भूलो सब बीती घटनाएं।
उठकर हो सन्नद्ध चलें अब,
मिलजुल कर रास्ता बनायें।

कितने आते हैं उदधि ज्वार,
जीवन भी नहीं अछूता है।
हारता नहीं उदधि उर में,
नाविक का जीवन बीता है।

तू है भारत की युवाशक्ति,
तेरे अन्दर हैं ज्वालाएं।
तू अपने को पहचान स्वयं,
पूरी होंगी सब आशाएं।

टाटा, बिड़ला या अंबानी,
करते हैं जन-जन की सेवा,
पीएम. सीएम. नेतानगरी,
सेवा कर ही खाते मेवा।

साहस यदि न हो एकला,
दूजे को भी गले लगायें।
एक एक मिल ग्यारह होते,
अपार होती संभावनाएं।

सबसे बड़ा काम सेवा का,
काम न कोई होता छोटा।
छोटा-मोटा काम पकड़ लो,
नहीं काम का कोई टोंटा।

आज नहीं तो कल तेरा है,
भले शुरू में विफलताएं।
एकनिष्ठ हो, लगे रहे यदि,
आगे खड़ी हैं सफलताएं।

चित्रानुभूति
गहरे सागर पैठ के

श्यामल आनन नीलनयन में
कुछ तीखा सम्मोहन सा है,
नज़र टिकी रह जाये।

अधरों पर है बसी सहजता
जिसमें है अपनत्व भरा,
मनमोहक दिखालाए।

तेरी आंखों में है सागर
लगता मुझे बहुत है गहरा,
लहर लहर लहराए।

मन करता है
क्यों ना हम भी,
गहरे डूबे औ उतराएं।

मेरा तो विश्वास प्रबल है
जब तू मेरा खेवनहारा,
फिर कैसे डर जाएं।

निश्चित तो है कभी न कभी
किसी न किसी दिन,
तू भवसागर पार कराए।

देखो, ज़रा ध्यान से देखो
मिल जाएं नैनों से नैना,
सम्मोहित हो जाएं।

गमों की धूप

जीवन के अंतिम पड़ाव तक,
धूप गमों की सहते हुये।
शायद उनकी नज़रों में हम,
कुछ अधिक ही सस्ते हुये।

सब महिमा है अपने प्रभु की,
कुछ तो हैं प्रारब्ध मेरे।
सदा झेलता रहा आज तक,
सारे ही ग़म हंसते हुए।

जो भी आयेगा सह लेंगे,
देखें किसमें कितना दम।
समझा नहीं आज तक मैंने,
कभी स्वयं को फंसते हुये।

हम ही एक नहीं दुनिया में,
लाखों नहीं करोड़ों में।
धूप गमों की रहे झेलते,
देखा नहीं लरज़ते हुये।

लेकिन ग्यात मुझे इतना है,
हर सिक्के के दो पहलू।
धूप-छांव का साथ सदा से,
आगे पीछे चलते हुये।

सर्दी जुकाम से पीड़ित रहते,
एसी की जिनको आदत।
खुली वायु मौसम में उनको,
देखा कभी टहलते हुये!

नया दिन है : नया सवेरा

(२७ फरवरी,२०२५: गुरुवार)

आज नया दिन नया सवेरा।

कल तक की तो बात है।
भूमि के हजारवें भाग में,
आधे से कुछ ज्यादा ही तो
लोग हुये एक जगह एकत्रित।
डम-डम डंका बजा हुआ था,
सत्य सनातन का हुजूम था,
जनसमूह था, संतवृंद थे,
एक जगह स्नान किया था,
अर्चन वंदन मंत्रोच्चारित।

सनातनी का पावन उत्सव,
संगम तट पर हुआ बसेरा।
आज नया दिन नया सवेरा।

कोई जाति भेद नहीं था,
वर्गभेद था पड़ा रुआंसा।
जितने भी आये उस स्थल,
कूट कूटकर भरी थी आस्था।
सबमें ही विश्वास प्रबल था,
योगी मोदी नायक पर।
एक नया अवतार पुलिस का
कुशल प्रशासन चप्पे चप्पे
सद्व्यवहारी नज़र बलों की
रही थी सारी आवक पर।

सबके मन में जोश भरा था,
ना था तेरा, ना था मेरा।
आज नया दिन नया सवेरा।

पूरी दुनिया देख रही थी,
सनातनी जयघोष सुना था,
थे आश्चर्यचकित बहुतेरे,
इतना कुशल प्रबंधन कैसे?
कहीं घटित हो सके न घटना,
केवल भारत में ही संभव।
दूध के पूत पालने में ही,
आगे देखो क्या क्या होगा,
राम अवध में जमे हुये हैं,
इधर बनारस में प्रलयंकर
निश्चित दुष्टों का है पराभव।

भूत निविड़ तम से आवेष्टित,
मात्र कल्पना सुखद भविष्यत,
वर्तमान मायावी फिर भी
मन में किरणपुंज का डेरा।
आज नया दिन नया सवेरा।

जियो और जीने दो

सुख समृद्धि के साधन सब हों,
किन्तु स्वयं खो जायें।
पाटल पुष्पों की शय्या हो,
फिर भी नींद न आये।

विलासिता बाधित करती है,
कर्मठता जीवन की।
एक दिन दु:खदायी बनती है,
सुख प्रवृत्ति नर तन की।

यांत्रिक भौतिकता से पालित
पोषित जो हैं होते।
किंचित प्रतिकूलता प्राप्त कर,
सिसक सिसक कर रोते।

सब साधन उपलब्ध किन्तु,
फिर भी लगता कुछ कम है।
सुखानुभूति में बाधक बनता,
असंतोष विभ्रम है।

सुख का बाहर से नहीं उत्स,
अंतर से फूटा करता।
स्थितियों के परिवर्तन से,
विश्वास न टूटा करता।

आत्महनन कर प्राप्त सभी सुख,
दु:ख का कारण बनते।
पुष्पों को पगतल मर्दित कर,
भ्रमवश कंटक चुनते।

प्रकृति प्रदत्त उपादानों की
करके सदा उपेक्षा।
कृत्रिम उपकरणों से संभव,
कब तक होगी रक्षा।

प्रकृति विरद्धाचरण प्रमाणित
करता नहीं प्रगति को।
नियमों में निपात कब करते
देखा गया नियति को।

भौतिकता की आॅख-मिचौनी,
कुछ पल बहला लेगी।
सीमा के अतिक्रमण ही होते
प्रकृति भी बदला देगी।

ग्यान हीन विग्यान निमंत्रित,
रण ताण्डव कर लेगा।
मानव सृष्टि सुरक्षा पर ही
प्रश्न चिन्ह धर देगा।

यह सब कुछ इसलिये हमारा
सुख असीम हो जाये।
भले ही जग में दु:ख ही दु:ख
का सागर ही लहराये।

केन्द्रीकृत सुख की यह ज्वाला,
दु:ख का कारण बनती।
कितने नये रक्तबीजों को
विविध रुप में जनती।

जीना है तो औरों को भी
जीवन रस पीने दो।
सुखी रहो सुख बांट बांट कर
जियो और जीने दो।

दुखियों से थोड़ा दु:ख लेकर,
कुछ अपना सुख देना।
विनिमय में भी विनम्रता हो,
है यथार्थ जी लेना।

करो पाप से घृणा किंतु

कुत्सित छलनाएं आती हैं,
कृत्रिम रूप संवार कर।
सहज नहीं स्थिर रह पाना,
मन को उन्हें निहार कर।

पाप पंक में जो फंसता है,
निकल नहीं वह पाये।
जाने कब संगति के कारण,
वह उसमें रम जाये।

उसे सुधरने का अवसर दे,
पतन मार्ग छुड़वायें।
घृणा पाप से करो किन्तु,
पापी प्रति दया दिखायें।

पता नहीं किसके जीवन में,
क्रान्ति घटित हो जाये।
निंदित कर्म छोड़कर इक दिन,
बाल्मीकि बन जाये।

पूर्व जन्म के प्रारब्धों वश,
फंसते विधि के लेखी।
जीवन के उत्थान पतन की,
घटनाएं बहु देखीं।

नाट्य मंच के अभिनेता सब,
कितने बदल मुखौटे।
तरह तरह की रहे भूमिका,
धीर वीर या खोटे।

सब समाज के अंग रहे हैं,
त्याज्य न कोई लगता।
पापी से कर घृणा कोई भी,
बड़ी भूल वह करता।

रखकर मन में धैर्य उसे,
सत्संगति का अवसर हो।
निश्चित होगा विरत पाप से,
यदि प्रबुद्ध का वर हो।

चाहत चंचल मन की

मन के अन्दर दबी पड़ी हैं,
छिपी हुई चाहतें बहुत हैं।
किन्तु सभी पूरी ना होती,
चाहे जितनी आश लगाएं।

मन तो मन है, चंचल रहना,
और कुलांचे भरना अनगिन,
नियति सदा से रहती आई,
पूर्ण न हों सारी इच्छाएं।

चाहत एक पूर्ण हो जाती,
तभी दूसरी आ जाती है,
उसे पूर्ण करने को आतुर,
कौन इसे कैसे समझाए।

ये भी ले लूं, वह मिल जाये,
छलनाओं में रहे बावरा,
पागल मन तुरंग जैसे हो,
इधर उधर दौड़े भटकाए।

कृत्रिम रूपों में सजधज कर,
कुत्सित छलनाएं हैं आतीं,
सहज नहीं स्थिर रह पाना,
बार बार मन को ललचाएं।

सभी चाहतें पूर्ण न होतीं,
प्रभु पर पूर्ण आस्था रखकर,
अपना कर्म रहे निज वश में,
सन्तोषी जीवन अपनाएं।

sushil bajpai

सुशील चन्द्र बाजपेयी

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)

यह भी पढ़ें :-

Similar Posts

2 Comments

  1. प्रणाम पिताजी, अति सुंदर रचना संग्रह.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *